Wednesday, May 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

किसान को लात मारने वाले एसडीएम को बर्खास्त करने की मांग

  • भारतमाला 754के संघर्ष समिति का जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन, परिवहन मंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जालोर जिले के सांचौर में भारत माला प्रोजेक्ट के तहत हो रहे सड़क निर्माण कार्य में आने वाली जमीन का उचित मुआवजा मांग रहे किसान को लात मारने वाले उपखण्ड अधिकारी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर शनिवार को जिला मुख्यालय पर भारतमाला 754के संघर्ष समिति की ओर से जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। इस मांग का मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। इसके साथ ही एनएच 754के के तहत अधिग्रहित की जा रही जमीनों का उचित मुआवजा देने की मांग का परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नाम का भी ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन कर रहे किसानों की अगुवाई कर रहे भारतमाला 754के संघर्ष समिति के प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि अमृतसर से जामनगर तक बन रहे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 754के के तहत अधिग्रहित की जा रही जमीनों का उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर किसानों की ओर से पिछले करीब तीन साल से आंदोलन किया जा रहा है लेकिन अभी तक राज्य सरकार ने किसानों की सुनवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि इस बीच गुरुवार को सांचौर के प्रतापपुरा में जमीन का उचित मुआवजा मांग देने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस और अधिकारियों ने बल प्रयोग किया। किसानों, महिलाओं एवं बच्चियों के साथ बर्बरता से मारपीट की। खुद उपखण्ड अधिकारी भूपेन्द्र यादव ने किसान के लात मारी। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। एक नाबालिग बच्ची को पहले जबरदस्ती गाड़ी में डाला गया। फिर उसे चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया गया। छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लिए खड़ी महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई। इस घटना से पूरे राजस्थान का किसान गुस्से में उबल रहा है। लेकिन राज्य सरकार ने एसडीएम भूपेन्द्र यादव को उसका अन्यत्र स्थानांतरण कर इतिश्री कर ली। लेकिन किसानों की मांग एसडीएम भूपेन्द्र यादव को हटाने की नहीं बल्कि बर्खास्त करने की है। एसडीएम के अलावा किसानों, महिलाओं व बच्चियों के साथ बर्बरता का व्यवहार करने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बर्खास्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों के संबंध में सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तथा न्यायिक जांच कर इस घटना में शामिल पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो तीन दिन बाद राजस्थान कमेटी की बैठक कर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। जब तक एसडीएम को बर्खास्त नहीं किया जाता तब तक समिति आंदोलन करेगी। इसके अलावा परिवहन मंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में राजस्थान के किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई। इस मौके पर समिति अध्यक्ष दलीप छिम्पा, बीरबलदास, गोपीराम, रामेश्वर लाल, गुरप्रीत सिंह, पालाराम, बनवारी लाल, बलवीर सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *