Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जिला कलक्टर ने सुनी आमजन की परिवेदना

  • जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुई जनसुनवाई दोपहर करीब 2 बजे तक चली। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने जिला स्तरीय जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी सभागार में मौजूद रहे। वहीं सभी ब्लॉक मुख्यालय पर एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार समेत सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिले के नागरिकों ने अपनी परिवेदना प्रस्तुत की। जिला स्तरीय जनसुनवाई में जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस जनसुनवाई की खास बात यह रही कि मुख्य सचिव कार्यालय, प्रमुख शासन सचिव, सचिव कार्यालय के स्तर पर भी वर्चुअली देखा गया। जिला प्रभारी सचिव अरुणा राजोरिया भी वीसी के जरिए जिला स्तरीय जनसुनवाई से जुड़ीं। जनसुनवाई में नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं जिला कलक्टर के समक्ष रखीं। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्या का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत मक्कासर के दीनदयाल ने जिला कलक्टर को बताया कि उनकी ग्राम पंचायत में आवास योजना के अन्तर्गत कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं। आवास योजना के लाभार्थियों को प्रथम किश्त का भुगतान जनवरी-फरवरी माह में हुआ था। कई लाभार्थियों ने 15 हजार रुपए खर्च की नींव भर दी लेकिन अभी तक द्वितीय किश्त का भुगतान नहींं हुआ है। द्वितीय किश्त के लिए पहले तो ग्राम पंचायत की ओर से एक माह तक चक्कर कटवाए गए। उसने 181 नम्बर पर शिकायत की तो जवाब आया कि राज्य सरकार के पास बजट नहीं है। उसकी शिकायत पर जिओ टेकिंग करना शुरू कर दिया। जिओ टेकिंग शुरू करने के बाद एफडी आॅर्डर नहीं निकाले जा रहे। दीनदयाल के अनुसार ग्राम पंचायत मक्कासर के कई लाभार्थियों को तो द्वितीय किश्त का भुगतान नहीं हो रहा और कइयों की दो दिन में जिओ टेकिंग कर और दो दिन में एफडी आॅर्डर निकाल तृतीय किश्त का भुगतान किया जा रहा है। कई परिवारों के हालात यह हैं कि सामान बाहर पड़ा है। आगे बारिश का मौसम है। लेकिन द्वितीय किश्त का भुगतान न होने से काम रूके होने से वे परेशान हैं। इसलिए वे अपनी परिवेदना लेकर पहुंचे हैं। जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवठिया, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़, जिला परिषद सीईओ अशोक असीजा, उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़ के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि व सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।