पहली बार हो रहा आयोजन, प्रचार रथों को किया रवाना हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन में अबोहर मार्ग स्थित श्री गोविन्द गोधाम गोशाला में श्री गोशाला सेवा समिति की ओर से होली पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को लठमार होली का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। लठमार होली का कार्यक्रम अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। दिल्ली के विक्की सनेजा डांस ग्रुप की ओर से लठमार होली खेली जाएगी। जिले में पहली बार खेली जाने वाली लठमार होली के आयोजन को लेकर श्री गोशाला सेवा समिति पदाधिकारियों के साथ शहरवासियों में काफी उत्साह है। इस आयोजन के प्रचार-प्रचार को लेकर शनिवार को जंक्शन में रेलवे स्टेशन रोड से प्रचार वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वरिष्ठ व्यापारी विजय बलाड़िया की ओर से प्रचार वाहनों को झंडी दिखाई गई। इस मौके पर श्री गोशाला सेवा समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने बताया कि जिला मुख्यालय पर समिति की ओर से पहली बार लठमार होली का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वृंदावन में खेली जाने वाली लठमार होली इस बार रविवार को जिला मुख्यालय पर भी खेली जाएगी। वृंदावन व दिल्ली से कलाकार आएंगे। लठमार होली के साथ-साथ पान महोत्सव का भी शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लठमार होली खेलने का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में हमारी परंपराओं व त्योहारों को जिंदा रखना है। इसके बाद 18 मार्च को श्री गोविन्द गोधाम गोशाला में सुबह 9 बजे से पंजाब के कलाकारों की ओर से फूलों व गुलाल की होली खेली जाएगी। इस मौके पर वीरेन्द्र गोयल, मनीष बतरा, अतुल गुम्बर, लवली चावला, श्याम जिन्दल, सौरभ जिंदल, महावीर जांगिड़, पवन गर्ग, दीपक अग्रवाल आदि मौजूद थे।