टाउन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। महावीर इंटरनेशनल के हनुमानगढ़ केन्द्र की ओर से अपेक्स महावीर इंटरनेशनल एवं सेफ एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन वितरण के कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को टाउन स्थित सेठ राधाकिशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया गया। विद्यालय की करीब 800 बालिकाओं को नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन वितरण किए गए। इस दौरान झिझक छोड़ो, चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर परिषद उपसभापति अनिल खीचड़ थे। मुख्य वक्ता डॉ. सविता सोनी थीं। इस मौके पर उपसभापति खीचड़ ने कहा कि जिस तरह बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है, उसी तरह उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी हमारा सामाजिक दायित्व है, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों से और कस्बों से बालिकाएं आती हैं। उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना महावीर इंटरनेशनल का यह कार्य सराहनीय है। मुख्य वक्ता डॉ. सविता सोनी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से माहवारी के समय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कैसे रहें, को सरल भाषा के माध्यम से विस्तार से बताया। बालिकाओं से सवाल-जवाब के माध्यम से उन्हें जागरूक किया। बालिकाओं को प्रोजेक्टर के जरिए लघु फिल्म दिखाई गई। महावीर इंटरनेशनल के राजेन्द्र बैद ने बताया कि नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन वितरण का अभियान पूरे हिन्दुस्तान में अपेक्स महावीर इंटरनेशनल एवं सेफ एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में महावीर इंटरनेशनल की ओर से चलाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में महावीर इंटरनेशनल के हनुमानगढ़ केन्द्र की ओर से गत दिनों टाउन के ही व्यापार मण्डल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फोर्ट में कार्यक्रम आयोजित कर बेटियों को सेनेटरी नैपकिन का नि:शुल्क वितरण किया गया था। अभियान के तहत आगामी कार्यक्रम सोमवार को जंक्शन स्थित सरस्वती कन्या महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने व गरिमा प्रोजेक्ट झिझक छोड़ो, चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष पदम जैन, संजय जैन, दीपक गोयल, विनोद बांठिया, पवन सरावगी, उग्रसेन, प्राचार्या अनीता शर्मा सहित स्कूल स्टाफ व छात्राएं मौजूद थीं।