Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जिले की सभी 269 ग्राम पंचायतों में ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का ‘महाकुंभ’ शुरू

  • हनुमानगढ़ ब्लॉक के गांव फतेहगढ़ में विधायक ने किया राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल का शुभारंभ
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राष्टÑीय खेल दिवस पर सोमवार को जिले की सभी 269 ग्राम पंचायतों में एकसाथ राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल का शुभारंभ हुआ। खिलाड़ियों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया। इसके अलावा ग्रामीणों ने भी मौके पर मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पहले दिन सभी छह खेलों कबड्डी, वॉलीबॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट, हॉकी, खो-खो और शूटिंग वॉलीबॉल के मुकाबले हुए। कबड्डी, वॉलीबॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट एवं हॉकी के मुकाबलों में बालक और बालिका दोनों वर्ग, खो-खो में केवल बालिका वर्ग और शूटिंग वॉलीबॉल में केवल बालक वर्ग ने हिस्सा लिया। राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल शुभारंभ का जिला स्तरीय कार्यक्रम भादरा की ग्राम पंचायत भिरानी में आयोजित हुआ। इसके अलावा जिले के सभी ब्लॉक में मुख्य समारोह भी अलग-अलग ग्राम पंचायत पर आयोजित किए गए। हनुमानगढ़ ब्लॉक में मुख्य समारोह ग्राम पंचायत फतेहगढ़ में, नोहर में ग्राम पंचायत सोनड़ी, भादरा में ग्राम पंचायत झांसल, संगरिया में ग्राम पंचायत रतनपुरा, टिब्बी में ग्राम पंचायत सिलवाला खुर्द, पीलीबंगा में ग्राम पंचायत पंडितांवाली और रावतसर में ग्राम पंचायत पल्लू में मुख्य समारोह सुबह 8.30 बजे आयोजित हुआ। हनुमानगढ़ ब्लॉक में ग्राम पंचायत फतेहगढ़ में हुए मुख्य समारोह में विधायक चौधरी विनोद कुमार ने ध्वज फहराकर खेलों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह, पंचायत समिति के पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग, भूपेन्द्र चौधरी आदि मौजूद रहे। उधर, जंक्शन के नजदीकी गांव समन्दनगर (चक ज्वालासिंहवाला) के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुए राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला प्रमुख कविता मेघवाल व ग्राम पंचायत सरपंच रेशमसिंह की ओर से ध्वज फहराकर खेलों का विधिवत आगाज किया गया। इस स्कूल में 534 खिलाड़ी सभी छह खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। पुरुष वर्ग की 31 व महिला वर्ग की 18 टीम सहित कुल 49 टीमें बनाई गई हैं। इस दौरान वक्ताओं ने बच्चों को खेल को खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए राज्य सरकार का यह सराहनीय प्रयास है। अगर बच्चों का खेलों की तरफ रूझान बढ़ेगा तो नशे पर भी प्रतिबंध लगेगा। तभी जिला व प्रदेश को नशामुक्त करने का सपना साकार होगा। वक्ताओं ने इस तरह के आयोजन निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य महेन्द्रपाल सिंह, व्याख्याता रामलुभाया तिन्ना, गुरमेल सिंह, महेंद्र सिंह, सुखजीत सिंह, रमाकांत टांटिया, भगवंती, भूपसिंह, ग्राम विकास अधिकारी विमला स्वामी, राजकुमार बवेजा, हरदम सिंह, रायसिंह, वकील चंद मोंगा, ओमप्रकाश, उषा शर्मा, शिव स्वामी, सरिता, जय प्रकाश गुप्ता, संजय सारस्वत सहित विद्यालय का अन्य स्टाफ, गणमान्य नागरिक इत्यादि मौजूद रहे। उधर, गांव जंडावाली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल का आगाज भी समारोहपूर्वक हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बूटासिंह थे जबकि अध्यक्षता उस्नाक मोहम्मद ने की। पहले दिन खो-खो खेल के मुकाबले हुए। इसमें खिलाड़ी छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानाचार्य सुनीता यादव सहित अन्य स्टाफ व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। गांव रोड़ावाली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिला प्रमुख कविता मेघवाल, विशिष्ट अतिथि सरपंच इस्मा बीबी व पूर्व डायरेक्टर आमीन भाटी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रधानाचार्य सरोजनी डागला ने की। अतिथियों ने झण्डारोहण के साथ किया। इसके पश्चात खिलाड़ियों का परिचय लेकर खेलों की शुरूआत की। सरपंच इस्मा बीबी की मांग पर जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने विद्यालय में खेल मैदान बनवाने की घोषणा की।