सीकर
जिस बेटी के जन्म पर घरवाले इतने दुखी थे कि उन्हाेंने उस दिन खाना तक नहीं खाया, अब उसी बेटी ने अपने परिवार को खुश होने का मौका दिया है। राजस्थान के सीकर की बेटी रजनी चौधरी ने माइनस 30 डिग्री तापमान में ईस्ट अफ्रीका के किलिमंजारो पर्वत को फतह किया है। रजनी ने 19,341 फीट की चढ़ाई 66 घंटे में पूरी की है। रजनी सीकर जिले की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की ब्रांड एम्बेसडर भी हैं।
बिना रुके 28 KM का सफर किया तय
खंडेला के प्रतापपुरा गांव की रहने वाली 26 साल की रजनी चौधरी जयपुर में निम्स यूनिवर्सिटी से एमटेक कर रहीं हैं। पर्वतारोहण में उनकी रुचि को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने ही बजट दिया था। रजनी माइनस 30 डिग्री तापमान में मंगलवार रात को किलिमंजारो पर्वत की चोटी पर पहुंच गई। उन्होंने 28 किलोमीटर का सफर बिना रुके तय किया।