Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ज्यादा से ज्यादा कार्रवाई कर अपराधों को लाएं नियंत्रण में : एसपी

  • एसपी ने ली नोहर सेक्टर के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग
  • जल्द से जल्द स्वागत कक्ष प्रारंभ करने व सुरक्षा सखी का गठन करने के दिए निर्देश
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन ने बुधवार को एसपी कार्यालय के सभागार में नोहर सेक्टर के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग लेकर सभी थाना प्रभारियों को अपराध पर लगाम कसने को कहा। एसपी ने अपराध और अनुसंधान की समीक्षा करते हुए क्राइम कंट्रोल पर विशेष दिशा-निर्देश दिए। थानों में वर्षों से लंबित पड़े मामलों पर जल्द निपटारा करने की बात कही गई। साथ ही पुलिस अधिकारियों को नसीहत दी गई कि वे थाना में शिकायत लेकर आने वालों के साथ अच्छा व्यवहार करें। कई प्रकरणों को लेकर एसपी ने पुलिस अधिकारियों को मार्गदर्शन भी दिया। एसपी जैन ने मीटिंग में अनुसंधानरत प्रकरणों के अनुसंधान में तेजी लाने, लोकल स्पेशल एक्ट के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई करने, आने वाले समय में पुलिस थानों में जल्द से जल्द स्वागत कक्ष प्रारंभ करने, पुलिस का बालिकाओं व महिलाओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए सुरक्षा सखी का गठन कर उनकी मीटिंग आयोजित करने के संबंध में निर्देशित किया। एसपी ने कहा कि पुलिस का यह प्रयास हो कि आने वाले समय में जो भी वांछित अपराधी हैं, जो विभिन्न प्रकार के अपराधों में लिप्त हैं, इसके अलावा नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। उन सबके खिलाफ कार्रवाई करते हुए ज्यादा से ज्यादा धरपकड़ कर अपराधों को नियंत्रण में लाएं ताकि भयमुक्त वातावरण का निर्माण हो सके। एसपी जैन ने कहा कि जनता से संबंधित समस्याओं को लेकर ज्यादा संवेदनशीलता बरतने की आवश्यकता है। जन समस्याओं को प्राथमिकता में रखते हुए मानवता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें। उन्होंने कहा कि पुलिस व जनता के बीच संबंध जितने बेहतर होंगे, पुलिस का कामकाज उतना आसान होगा। जनता से बेहतर समन्वय के साथ पुलिसिंग में और कसावट लाने के लिए भी एसपी ने मार्गदर्शन दिया। बैठक में हनुमानगढ़ एएसपी जस्साराम बोस, नोहर एएसपी राजेन्द्र कुमार मीणा, रावतसर डीएसपी रणवीर मीणा, सीओ एससीएसटी सेल देवानन्द, अपराध सहायक दिनेश सारण, नोहर थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह नरुका, रावतसर थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई, भादरा थाना प्रभारी कविता पूनिया, भिरानी थाना प्रभारी सुखराम चोटिया, पीलीबंगा थाना प्रभारी इन्द्र कुमार मारवाल, गोगामेड़ी थाना प्रभारी बिशन सहाय, खुइयां थाना प्रभारी हरबंश सिंह, पल्लू थाना प्रभारी अमरसिंह, एसपी कार्यालय के रीडर एसआई चन्द्रभान धुंआ सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को एसपी ने हनुमानगढ़ सेक्टर के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली थी। कोरोना संकट के चलते पहली बार हनुमानगढ़ और नोहर सेक्टर के पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग मीटिंग रखी गई। बुधवार को हुई मीटिंग करीब चार घंटे चली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *