बीके अध्यक्ष पर गलत तरीके से पानी की बारी काटने का आरोप
by seemasandesh
कार्रवाई करने की मांग को लेकर सिंचाई विभाग के एक्सईएन को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। सिंचाई पानी की बारी गलत तरीके से काटने का आरोप लगाते हुए बीके अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले चक 20 एसएसडब्ल्यू के किसानों ने बुधवार को जल संसाधन खण्ड द्वितीय हनुमानगढ़ संगम के अधिशाषी अभियन्ता को ज्ञापन सौंपा। एक्सईएन से मिले किसानों ने बताया कि चक 20 एसएसडब्ल्यू में जसकरण सिंह की 9 बीघा 17 बिस्वा रकबा की पानी की बारी उसके पिता सुरजीत सिंह के नाम से चल रही थी। जसकरण सिंह की ओर से आबयाना भी 9 बीघा 17 बिस्वा का जमा करवाया जाता रहा। लेकिन अब रंजिश के चलते बीके-65 अध्यक्ष सुरजाराम की ओर से जसकरण सिंह की 3 बीघा रकबा की बारी काट कर बारी प्रस्ताव स्वीकृति के लिए विभाग को भेज दिया। पत्रावली में आगामी तारीख पेशी 29 जून है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीके अध्यक्ष सुरजाराम ने जसकरण सिंह की 3 बीघा की पानी की बारी काट कर अपने पद का नाजायज दुरूपयोग किया है। उन्होंने मांग की कि बीके-65 जल उपयोक्ता संगम अध्यक्ष सुरजाराम के खिलाफ अपने पद का दुरुपयोग कर किसानों को क्षति व अनावश्यक विवाद पैदा करने के आरोप में कार्रवाई की जाए। साथ ही जसकरण सिंह की 9 बीघा 17 बिस्वा की पानी की बारी को पूर्व की भांति रखा जाए। भारत की जनवादी नौजवान सभा पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग की ओर से इस संबंध में उचित निर्णय पारित नहीं किया गया व अध्यक्ष के विरूद्ध कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो मजबूरन डीवाईएफआई किसानों को साथ लेकर आंदोलन करेगी। इस मौके पर मोहन लोहरा, जसकरण सिंह, सुरेश, वेद मक्कासर, लालचन्द वर्मा, तरसेम सिंह, सोहनसिंह, दर्शनसिंह सहित कई किसान मौजूद थे।