एक की चेन स्नेचिंग तो दूसरी की चेक अनादरण के मामले में थी तलाश हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन पुलिस ने चेन स्नेचिंग व चेक अनादरण के दो मामलों में काफी समय से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि 15 जुलाई 2011 को वीनादेवी पत्नी जगदीश ब्राह्मण निवासी सूर्यनगर हनुमानगढ़ टाउन ने रिपोर्ट दी थी कि वह शाम करीब साढ़े छह बजे शिव मंदिर से अपने घर लौट रही थी। रास्ते में एक युवक पीछे से आया और उसकी चेन छीनने का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर चेन टूट गई। आधी चेन उसके पास रह गई जबकि आधी चेन युवक छीनकर भाग गया। कुछ दूरी पर एक अन्य युवक मोटर साइकिल लेकर खड़ा था। दोनों जने बाइक पर सवार होकर रावतसर की तरफ फरार हो गए। इस पर मुकदमा नम्बर 424/2011 आईपीसी की धारा 382 के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान इस मामले में दोनों आरोपियों शंकरिया उर्फ शंकर दास पुत्र रामचन्द्र बावरी निवासी गणेशगढ़ पीएस लालगढ़ जिला श्रीगंगानगर व मांगीलाल पुत्र संतलाल कुम्हार निवासी जंडावाली को गिरफ्तार कर लिया। बाद में इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। आरोपी मांगीलाल जमानत पर बाहर था जबकि शंकरिया उर्फ शंकर दास जमानत पर बाहर आने के दौरान फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय ने स्थाई वारंट जारी किया था। चेन स्नेचिंग के मामले में 2011 से फरार चल रहे शंकरिया उर्फ शंकर दास (40) को मंगलवार को उसके गांव गणेशगढ़ के पास डूंगरसिंहपुरा से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राठौड़ ने बताया कि इसी प्रकार भारत जनरल स्टोर के बाबूसिंह की ओर से दर्ज करवाए गए चेक अनादरण के मामले में 2009 से फरार चल रहे स्थाई वारंटी राकेश कुमार पुत्र सोहनलाल अरोड़ा निवासी जमीतसिंहवाला पीएस लालगढ़ जाटान जिला श्रीगंगानगर हाल गली नम्बर चार, चक्की के पास, इन्दिरा कॉलोनी हनुमानगढ़ टाउन को भी गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। कांस्टेबल प्रहलाद की स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी में विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल प्रतापसिंह, कांस्टेबल रामनारायण, कृष्णसिंह व योगेन्द्र कुमार शामिल थे।