पड़ाव स्थल पर धोलीपाल के ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला मुख्यालय स्थित सेंट्रल वेयर हाउस के गोदाम रिलायंस कंपनी को ठेके पर देने के खिलाफ जारी पड़ाव बुधवार को लगातार आठवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को गांव धोलीपाल के ग्रामीणों ने सेंट्रल वेयर हाउस द्वितीय के गोदामों के समक्ष जारी पड़ाव स्थल पर मोर्चा संभाला। इससे पहले आंदोलन की कड़ी में मंगलवार रात जंक्शन के मुख्य बाजार में संयुक्त किसान मोर्चा हनुमानगढ़ के बैनर तले किसानों-मजदूरों व किसान कार्यकतार्ओं की ओर से मशाल जुलूस निकाला गया। मशाल जुलूस जंक्शन रेलवे स्टेशन से रवाना होकर मुख्य बाजार से होते हुए निकाला गया। मशाल जुलूस में शामिल हुए किसान और मजदूरों ने एकस्वर में कहा कि वे अपने देश की सरकारी संपत्ति को किसी भी हालत में बिकने नहीं देंगे। क्योंकि अगर गोदाम निजी हाथों में चले गए तो किसान का गेहूं रखने को जगह नहीं बचेगी। अगर वेयर हाउस के गोदाम इस तरह किसी कंपनी ने खरीद लिए तो यहां का व्यापारी कहां जाएगा। यहां काम करने वाला मजदूर कहां जाएगा। इसका विरोध करने के लिए मशाल जुलूस निकाला गया है। मशाल जुलूस का व्यापारियों ने भी समर्थन किया। इस दौरान शहर के हृदयस्थल भगतसिंह चौक पर नुक्कड़ सभा भी हुई। नुक्कड़ सभा में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी सूरत में यह आंदोलन दबने नहीं देंगे। अगर ठेके पर दिए गए गोदाम वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस कड़ी में 15 नवंबर को मजदूर-किसान-व्यापारी महापंचायत होगी। इसमें संयुक्त किसान मोर्चा दिल्ली शाहजहांपुर बॉर्डर से भी किसान नेता पहुंचेंगे। महापंचायत में हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिले के किसान-मजदूर हिस्सा लेंगे। मशाल जुलूस में मजदूर नेता आत्मासिंह, अफसर अली, अवतार सिंह, बहादुर सिंह चौहान, कुलविन्द्र ढिल्लों, रघुवीर सिंह वर्मा, शिवकुमार, सुखप्रीत सिंह, बसंत सिंह, अरविंद, सरपंच बलदेव सिंह, करणवीर सिंह, चरणजीत सिंह आदि शामिल थे।