लंदन
इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है। इंग्लैंड ने टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए पूर्व फास्ट बॉलिंग कोच डेविड साकेर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर माइक हस्सी को अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल किया है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के इस फैसले से टीम के कोचिंग दल में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा होगा।
इन दोनों के अलावा टीम के हेड कोच मैथ्यू मोट भी ऑस्ट्रेलिया से हैं। साकेर पाकिस्तान के खिलाफ आने वाली टी 20 सीरीज से टीम से जुड़ेंगे। वह इससे पहले इंग्लैंड को गेंदबाजी कोच के तौर पर पांच साल की सेवाएं दे चुके हैं। उनके कोच रहते इंग्लैंड ने 2010-11 में एशेज सीरीज अपने नाम की थी और टीम रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंची थी।
उनका पिछला कार्यकाल 2015 तक रहा था। साकेर इसके बाद ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के गेंदबाजी कोच रहे। मिस्टर क्रिकेट के नाम से पहचाने जाने वाले हस्सी कई टीमों के कोचिंग दल का हिस्सा रहे हैं। वह ऑस्ट्रेलिया , दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के अलावा इंडियन प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े रहे हैं। वह बिग बैश लीग की टीम सिडनी थंडर्स के निदेशक भी हैं।