Saturday, June 20निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ट्रक से लाखों रुपए चुराकर भागा आरोपी चालक गिरफ्तार

  • निशानदेही पर छह लाख रुपए बरामद, जंक्शन पुलिस की कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    ट्रक में रखे कैटल फीड बिक्री के 7 लाख 43 हजार रुपए लेकर फरार हुए चालक को जंक्शन पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपी ट्रक चालक की निशानदेही पर चुराए गए छह लाख रुपए भी बरामद कर लिए। शेष बरामदगी के प्रयास पुलिस कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महावीर (43) पुत्र चुनाराम नायक निवासी वार्ड 24, बुकलसर का बास सरदारशहर जिला चूरू के रूप में हुई है। जंक्शन थाना प्रभारी नरेश गेरा ने बताया कि 15 जून को आसिफ (24) पुत्र मोहम्मद अली निवासी वार्ड 2, रामनगर बास सरदारशहर जिला चूरू ने रिपार्ट दर्ज कराई थी कि उसके नाम एक 12 चक्का ट्रक नम्बर आरजे 31 जीए 3991 है। ट्रक पर महावीर नाई चालक है। 11 जून को वह अपने ट्रक के चालक महावीर नाई के साथ सरदारशहर से पंजाब खन्ना के लिए कैटल फीड लेकर गए थे। 12 जून को खन्ना में माल अनलोड किया। वहां से उक्त माल की कीमत 7 लाख 43 हजार रुपए प्राप्त हुई। इसके बाद वे 12 जून को खन्ना से माल लोड कर अबोहर चले गए। 14 जून की रात्रि को हनुमानगढ़ जंक्शन पहुंचे। अबोहर बाइपास रोड पर स्थित न्यू बालाजी ट्रांसपोर्ट पर ट्रक खड़ा कर दिया। गाड़ी में ही 7 लाख 43 हजार रुपए रखे हुए थे। ट्रक चालक महावीर 15 जून को अल सुबह करीब चार बजे गाड़ी में रखे 7 लाख 43 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। थाना प्रभारी गेरा ने बताया कि ट्रक मालिक की रिपोर्ट के आधार पर चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 380 के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई मघरसिंह को सौंपी। जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन के आदेशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस व वृताधिकारी हनुमानगढ़ प्रशान्त कौशिक के निदेर्शानुसार इस प्रकरण में फरार आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। टीम की ओर से मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू किए गए। आरोपी के छुपने-रूकने के सम्भावित स्थानों पर दबिश दी गई। प्रकरण में सफलता हासिल करते हुए आरोपी महावीर नायक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 6 लाख रुपए बरामद कर लिए गए हैं। शेष रुपयों के संबंध में पूछताछ व अनुसंधान जारी है। आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड मंजूर करवाया गया है। पुलिस टीम में एएसआई मघरसिंह, हैड कांस्टेबल मनीष बिश्नोई, कांस्टेबल महंगा सिंह व सुभाष शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *