हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पत्नी व बच्चों को लेने मध्यप्रदेश से आए युवक को ट्रेन पर चढ़ते समय उसके साढू से लात मार दी। इससे वह युवक रेलवे लाइनों पर गिर गया। ट्रेन के नीचे आने से उसका बायां पैर कट गया। घायल युवक का हनुमानगढ़ टाउन के एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। घटना शुक्रवार रात को नोहर रेलवे स्टेशन पर हुई। शनिवार को नोहर पुलिस थाना से पहुंचे पुलिस जवानों ने घायल युवक के बयान लिए। मामला रेलवे के अधीन होने के कारण नोहर पुलिस युवक की ओर से दिए गए बयान मुकदमा दर्ज करने के लिए जीआरपी सादुलपुर को भिजवा रही है। शनिवार को युवक के बयान लेने आए नोहर पुलिस थाना के हैड कांस्टेबल राजेन्द्रसिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में स्थित पुलिस चौकी से सूचना मिली कि रात्रि को नोहर से एक युवक घायलावस्था में रेफर होकर जिला अस्पताल में भर्ती हुआ है। सूचना पर वे जिला अस्पताल पहुंचे तो ट्रोमा सेंटर में भर्ती मध्यप्रदेश के रहने वाले करीब 30 वर्षीय नरेन्द्र ने बताया कि उसकी पत्नी व बच्चे कुछ दिनों से नोहर में रहने वाले उसके साढू के पास आए हुए थे। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी व बच्चों को लेने के लिए साढू के पास नोहर आया था। लेकिन उसकी पत्नी व बच्चों ने साथ जाने व साढू ने भेजने से मना कर दिया। इस पर वह शुक्रवार रात्रि को श्रीगंगानगर से दिल्ली जाने वाली तिलकब्रिज ट्रेन में सवार होने के लिए नोहर के रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। उसे ट्रेन पर चढ़ाने के लिए उसका साढू भी साथ आया। जब वह ट्रेन पर चढ?े लगा तो अचानक उसके साढू ने लात मारकर रेलवे लाइनों के बीच गिरा दिया। इससे वह ट्रेन के नीचे आ गया और उसका बायां पैर कट गया। हैड कांस्टेबल राजेन्द्रसिंह ने बताया कि घटनास्थल नोहर रेलवे स्टेशन होने के कारण यह सादुलपुर जीआरपी के क्षेत्राधिकार में है। युवक के पर्चा बयान लेकर रिपोर्ट सादुलपुर जीआरपी को भेजी जा रही है। जीआरपी सादुलपुर की ओर से मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।