भीलवाड़ा
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को भीलवाड़ा पहुंचे। भीलवाड़ा में मीडिया से रूबरू दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार पर तंज कसे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गुजरात की तरह अपनी मोनोपॉली पूरे देश में चलाना चाहती है। हम यह नहीं होने देंगे। पेगासस के मामले में उन्होंने प्रधानमंत्री को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री और उनकी सरकार की ही चाल है। इस ऐप के माध्यम से लोगों की जासूसी कराई जा रही है। दिग्विजय सिंह ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2017 में इजरायल गए थे। 2018 में भारत में पेगासस ऐप का चलन शुरू हो गया था। इससे स्मार्टफोन की जासूसी की जा रही थी। इस मामले में इजरायल के तत्कालीन प्रधानमंत्री के खिलाफ भी जांच शुरू हो चुकी है, लेकिन हमारे यहां ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।