Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ठेकेदार पर मनमानी करने का आरोप

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन में नेशनल पब्लिक स्कूल के सामने से सिंचाई विभाग के विश्राम गृह की रोड के दोनों तरफ चल रहे इंटरलॉकिंग के कार्य में नगर परिषद ठेकेदार पर मनमानी करने का आरोप लगा है। इस रोड पर संचालित ई-मित्र के संचालक ने ठेकेदार पर जबरन दुकान के आगे बना थड़ा तोड़ने व पेयजल कनेक्शन क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया। ई-मित्र संचालक राजेश कुमार ने बताया कि जिस लेवल पर नगर परिषद की ओर से इंटरलॉकिंग कार्य करवाया जा रहा है, उसी लेवल में उनकी दुकान के आगे फर्श बना हुआ था। उन्होंने इंटरलॉकिंग कार्य करवाने से पहले नगर परिषद से दो दिन का समय मांगा था ताकि दुकान के आगे बना हुआ फर्श तोड़ने के साथ पेयजल कनेक्शन कटवाया जा सके। इसके बावजूद नगर परिषद के ठेकेदार ने द्वेषभावना के चलते बुधवार को नगर परिषद अधिकारियों की मौजूदगी में फर्श तुड़वा दिया। पेयजल का कनेक्शन भी कट गया। इससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने इंटरलॉकिंग कार्य करवा रहे नगर परिषद ठेकेदार पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की।