सख्त कार्रवाई के अभाव में दिखावा बनी नगर परिषद की पॉलीथिन जब्ती की कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। प्रतिबंध के बावजूद बाजारों में धड़ल्ले से पॉलीथिन का उपयोग किया जा रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। इसका फायदा उठाकर दुकानदार और रेहड़ी-पटरी वाले पॉलीथिन में सामान दे रहे हैं। इसके उपयोग के बाद लोग प्लास्टिक को इधर-उधर फेंक देते हैं। इस कारण न सिर्फ पर्यावरण से लोगों को नुकसान हो रहा है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। सख्त कार्रवाई नहीं होने से धड़ल्ले से सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग किया जा रहा है। प्रतिबंध के बावजूद शहर के तकरीबन सभी दुकानदारों की ओर से पॉलीथिन की बिक्री और उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही दुकानदारों और ठेलों पर दुकान लगाकर सब्जी-फल सहित अन्य सामग्री की बिक्री करने वाले दुकानदारों की ओर से पन्नियों में ही सामान दिया जा रहा है।