पाली
पाली के बगड़ी नगर थाने के गुड़ा श्यामा निवासी एक ज्वैलर को शनिवार रात करीब सवा आठ बजे बाइक पर आए तीन बदमाशों ने बीच रास्ते लाठी मार कर घायल कर दिया। सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। लूटे गए गहनों की बाजार कीमत 20 लाख बताई जा रही है। बगड़ी नगर थाना प्रभारी बाबूलाल जांगिड़ ने बताया कि बदमाशों की तलाश में अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं।

रविवार सुबह बड़ा गुड़ा चौकी के बाहर जमा व्यापारी व ग्रामीण।
अरविन्द सोनी पुत्र विरदीचंद सोनी की बड़ा गुड़ा में ज्वैलरी की दुकान है। हमेशा की तरह वह शनिवार शाम करीब आठ बजे दुकान बंद कर एक बैग में सोने-चांदी के गहने भर गांव के लिए रवाना हुए थे। गुड़ा श्यामा से करीब आधा किलोमीटर पहले बाइक पर आए 3 बदमाशों ने उसे रोका। एक ने उसके सिर पर लाठी से वार कर घायल कर दिया। दूसरे ने उसके हाथ-पैरों पर लाठी से वार कर नीचे गिरा दिया। तीसरा बदमाश मौका देख आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। वारदात को लेकर अरविन्द ने बगड़ी नगर थाने में रिपोर्ट दी। अरविन्द के सिर पर 8 टांके आए तथा हाथ-पांव में भी चोटे आईं।

बड़ा गुड़ा चौकी प्रभारी से अभी तक की कार्रवाई की जानकारी लेते ग्रामीण।
रक्षा बंधन का था स्टॉक
पीड़ित ने बताया कि रक्षा बंधन को लेकर दुकान में आभूषणों का स्टॉक कर रखा था। बैग में करीब 25 तोला सोने के तथा करीब 15 किलो चांदी के गहने थे। सोने के गहनों की कीमत करीब साढ़े 12 लाख तो चांदी के आभूषणों की कीमत करीब साढ़े 9 लाख रुपए हैं।
दो घंटे बाजार बंद रख जताया विरोध
व्यापार संघ अध्यक्ष अमराराम माली ने बताया कि घटना को लेकर रविवार सुबह करीब 2 घंटे बाजार बंद रखा तथा बड़ा गुड़ा चौकी प्रभारी से मिले। अभी तक की कार्रवाई की जानकारी ली। इस दौरान दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
एक साल पहले शुरू की थी दुकान
पीड़ित ने बताया की दुकान पहले गुड़ा श्यामा में ही थी। करीब एक वर्ष पूर्व उसने बड़ा गुड़ा में दुकान लगाई थी। दोनों गांवों के बीच दो-तीन किलोमीटर की दूरी है। दुकान बंद कर आभूषणों से भरा बैग लेकर घर जाना उसके रोज के रूटीन में शामिल है। शनिवार को भी वह दुकान बंद कर आभूषणों का बैग लेकर घर जा रहा था। इस दौरान बदमाशों ने उस पर हमला कर बैग लूटा और फरार हो गए।
इस लूट का भी नहीं लगा सुराग
24 अप्रैल को पाली के बापूनगर विस्तार में किशन सोनी की दुकान में आकर तीन बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर उन्हें बंधक बनाया था। करीब एक किलो 700 ग्राम के सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। साढ़े तीन माह से अधिक समय गुजर चुका है, लेकिन अभी तक पुलिस लुटेरों को नहीं पकड़ सकी है।