Saturday, April 25निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

डीएनए सैम्पल की जांच न करवाने से नाराज अधेड़ चढ़ा पानी की टंकी पर

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पत्नी की डिलीवरी के दौरान पैदा हुए लड़के को बदलकर लड़की रखने के संबंध में दर्ज मामले में व डीएनए की जांच न करवाए जाने से नाराज एक अधेड़ गुरुवार को टाउन में वार्ड 34 स्थित एफसीआई गोदाम के सामने पानी की टंकी पर चढ़ गया। अधेड़ ने अपनी पहली पत्नी के बेटे पर भी घर का राशन बेचने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। करीब साढ़े तीन घंटे की समझाइश के बाद आखिरकार अधेड़ पुलिस अधिकारियों का आश्वासन मिलने पर नीचे उतरा। पुलिस ने उसे शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मुकदमा भी दर्ज किया। जानकारी के अनुसार कृष्णलाल पुत्र चन्दूराम सोनी निवासी वार्ड नम्बर 26, पारीक कॉलोनी गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे टाउन में एफसीआई गोदाम के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। इसका पता आस-पड़ोस के लोगों को लगा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर टाउन थाना के एसआई पूर्णसिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और टंकी पर चढ़े अधेड़ से मोबाइल फोन पर बात की। अधेड़ कृष्णलाल का कहना था कि 1 जनवरी 2017 को उसकी पत्नी सावित्री देवी की राजकीय जिला चिकित्सालय में डिलीवरी हुई थी। उसकी पत्नी ने लडके को जन्म दिया। लेकिन अस्पताल प्रशासन ने उनका बच्चा बदला गया और लड़के की जगह लड़की पकड़ा दी। इस संबंध में उसने तत्कालीन पीएमओ, एक डॉक्टर व नर्स के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 417 के तहत मामला दर्ज करवाया। तब पुलिस ने डीएनए सैम्पल लिए थे। लेकिन आज तक डीएनए रिपोर्ट नहीं आई। कृष्णलाल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों के साथ मिलीभगत के चलते डीएनए सैम्पल की जान-बूझकर जांच नहीं करवाई। उसे बार-बार चक्कर कटवाए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उसने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री को भी की थी। साथ ही कृष्णलाल का कहना था कि उसे राशन डिपो से जो राशन मिलता है। उसकी पहली पत्नी का लड़का जितेन्द्र वह राशन बेचकर उससे मिलने वाले पैसों से शराब पी जाता है। इससे उसके बच्चे रोते रहते हैं। वह खुद मजदूरी करने दो-तीन तक बाहर रहता है। पीछे से उसकी पहली पत्नी का लडका उसके घर को ताला लगाकर चला जाता है। इसके बाद उसके बच्चे परेशान होते रहते हैं। वे बाहर बाहर या दूसरों के घरों में बैठे मिलते हैं। अड़ोस-पड़ोस के लोग उसे फोन कर बताते हैं कि उसके बच्चे भूखे हैं। आकर संभाल लो। कृष्णलाल सोनी का कहना था कि लॉकडाउन के दौरान परिवहन बंद होने से वह बाहर था। अब बसें चलने पर वह 14 जून को वापस आया। उसने बुधवार को ही अपने बच्चों को डिपो से राशन लाकर दिया था। जब वह बाजार गया तो जितेन्द्र ने राशन का गेहूं बेच दिया। कृष्णलाल ने मांग की कि डीएनए सैम्पल की जांच करवाई जाए। साथ ही उसकी पहली पत्नी के लड़के के खिलाफ कार्रवाई की जाए। काफी देर तक समझाइश के बावजूद नहीं मानने पर दोपहर को स्वयं टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और टंकी पर चढ़े कृष्णलाल से बात की। थाना प्रभारी ने समस्या हल करने का आश्वासन दिया। इस पर कृष्णलाल दोपहर करीब पौने दो बजे टंकी से नीचे उतरने को तैयार हो गया। टंकी से उतरते ही पुलिस कृष्णलाल को अपने साथ ले गई। थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि कृष्णलाल सोनी का मेडिकल करवा उसे शांतिभंग की आशंका में 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया। साथ ही टंकी पर चढकर आत्महत्या करने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *