तम्बाकू मुक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर किया सम्मान
by seemasandesh
राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ का कार्यक्रम हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पिछले एक साल में तम्बाकू मुक्त हनुमानगढ़ के तत्वावधान में तम्बाकू के रोकथाम, उपचार एवं जन जागरूकता में बेहतरीन कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों, समाजसेवी पत्रकारों, छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं कार्मिकों सहित कुल 30 जनों को जिला कलक्टर नथमल डिडेल की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर के अलावा चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. देवेन्द्र चौधरी, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, पीएमओ डॉ. मुकेश पोटलिया, आरसीएचओ डॉ. विक्रमसिंह, सभी बीसीएमओ, बीपीएम सहित तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की टीम मौजूद रही। इस दौरान अतिथियों की ओर से तम्बाकू से होने वाले नुकसान की जानकारी देने संबंधी पोस्टर का भी विमोचन किया गया। कार्यक्र्रम के दौरान हनुमानगढ़ को तम्बाकू मुक्त व नशा मुक्त बनाने के लिए चर्चा की गई। इस मौके पर जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि संभागीय आयुक्त के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मंशा की कड़ी में नशा मुक्त के साथ हनुमानगढ़ को तम्बाकू मुक्त करना भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। जब सब लोग मिलकर प्रयास करेंगे तब जाकर हम अपने समाज को नशे से मुक्त कर पाएंगे। डिडेल ने कहा कि आज स्पष्ट है कि किसी भी प्रकार के नशे के सेवन से एक भी फायदा हमारे शरीर को नहीं होता है। हमें इस बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी की जरूरत है। क्योंकि जब समाज में प्रत्येक घर में बच्चा-बच्चा, व्यक्ति-व्यक्ति नशे के खिलाफ यह बात करने लगेगा कि उनके घर में कोई नशा नहीं करेगा, अगर कोई पहले से नशा कर रहा है तो उसे नशा छुड़वाएंगे, यह शपथ लेकर सक्रियता से कार्य करेंगे तो पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में हनुमानगढ़ जिला नशे से अवश्यक मुक्त होगा।