नागौर
नागौर में दो तस्करों ने अपने भाई को पुलिस से छुड़ाने के लिए 4 पुलिस जवानों पर जानलेवा हमला कर दिया। तस्करों ने पुलिस के पीछे गाड़ी दौड़ाई। इसके बाद अपने तस्कर भाई को भी छुड़ा कर ले गए। तस्करों ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ा दी। पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में 4 पुलिस जवान घायल हो गए। इसके बाद चारों पुलिसकर्मी खींवसर थाने पहुंचे और यहां से उन्हें अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया गया।
मामला खींवसर थाना क्षेत्र के थांबड़िया गांव का है। खींवसर SHO गोपाल कृष्ण ने बताया कि रविवार को मुखबीर से सूचना मिली थी कि डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांटेड तस्कर बाबूलाल पुत्र बेड़ाराम विश्नोई निवासी थांबड़िया अपनी ढाणी में आया हुआ है। इस पर पुलिस टीम तस्कर को गिरफ्तार करने पहुंची। पुलिस को देखते ही बाबूलाल और उसका एक साथी खेतों की तरफ दौड़ने लगा। पुलिस टीम भी उसे पकड़ने के लिए पीछे-पीछे दौड़ी और उसे गिरफ्तार कर लिया। खेतों से बाबूलाल को लेकर पुलिस वापस लौट रही थी। तभी उसके भाई व एक अन्य स्पीड में कैंपर दौड़ाते हुए पुलिस टीम की तरफ आए और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। टीम के पीछे उन्होंने गाड़ी पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दी। इसके बाद वे तस्कर बाबूलाल को छुड़ाकर वहां से फरार हो गए। पुलिस टीम ने पेड़ो के पीछे छिप जान बचाई। इस हादसे में 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए।