तलवाड़ा झील (सीमा सन्देश न्यूज)। एक युवक मादक पदार्थ हेरोइन (स्मैक) की तस्करी करते तलवाड़ा झील पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने युवक के कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार मादक एवं नशीले पदार्थांे की धरपकड़ के लिए चलाए रहे विशेष अभियान आॅपरेशन प्रहार के तहत तलवाड़ा झील थाना प्रभारी नवदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार रात गश्त कर रही थी। गश्त करते हुए पुलिस टीम रोही सिलवाला कलां में जीजीआर माइनर के दक्षिण दिशा के कच्चा पटड़ा पर पहुंची तो वहां से जा रहे एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आई। शक होने पर पुलिस टीम ने युवक को रूकवा तलाशी ली तो उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। पुलिस ने हेरोइन जब्त कर मौके से सतपाल सिंह उर्फ पालू (20) पुत्र तारासिंह रायसिख निवासी वार्ड नम्बर 1, सिलवाला कलां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच संगरिया पुलिस थाना के सब इंस्पेक्टर अमीचन्द को सौंपी है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल अमरसिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल हरदयाल व जगदीश शामिल थे।