Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

तालाब पर नहाने गई 4 लड़कियां डूबी:नहाते हुए गहरे पानी में चली गई थीं बुआ-भतीजी, बचाने के चक्कर में दो सहेलियां भी डूबने लगी; 2 की मौत, गांववालों ने दो का बचाया

बीकानेर

बीकानेर के श्रीकोलायत में रविवार को तालाब में नहाने गई दो लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। तलाब पर नहाने के लिए चार लड़कियां गई थी, लेकिन बुआ-भतीजी तालाब में कुछ आगे चली गईं। जहां पैर फिसलने से गहराई में डूब गईं। इनको बचाने के लिए अन्य दो लड़कियां भी आगे बढ़ी, लेकिन वो खुद डूबने लगी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दो को बचा लिया, लेकिन बुआ-भतीजी की मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

श्रीकाेलायत से करीब 50 किलोमीटर दूर दासुड़ी गांव में यह तालाब गांव के पास में ही स्थित है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद तालाब में पानी भी आ गया। रविवार को छैलूं कंवर और ज्योति कंवर अपनी दो सहेलियों के साथ नहाने चली गई। इस दौरान 16 साल की ज्योति और 18 साल की छैलू का पैर फिसल गया। दोनों तालाब में गहराई में चली गईं। डूबने लगी तो दोनों चिल्लाई। इस पर साथ में नहा रही लड़कियों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुई। उल्टा वो खुद डूबने लगी। इस पर आसपास के ग्रामीणों ने तालाब में कूदकर इन लड़कियों को बचाया। छैलूं और ज्योति कंवर को भी बाहर निकाला गया लेकिन तब तक वो दम तोड़ चुकी थी।

डॉक्टर ने मृत घोषित किया

ग्रामीण दोनों को पास ही स्थित अस्पताल भी ले गए, लेकिन डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। बाद में शव श्रीकोलायत की मोर्चरी में रखा गया है, जहां आज शाम तक पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा।

गांव में पसरा सन्नाटा

घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बुआ-भतीजी में विशेष लगाव था और दोनों हम उम्र होने के कारण साथ ही रहती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *