तीन बहनों की रोजी-रोटी के सहारे पर असामाजिक तत्वों की नजर
by seemasandesh
हक की कृषि भूमि दिलवाने व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार, मासूम भानजा-भानजी को साथ लेकर एसपी के पास पहुंचा मामा हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मां की दुआओं और पिता से मिले हौसलें से हर मुश्किल हार जाती है। मगर जब दुआ में उठने वाले और पीठ थपथपाने वाले हाथ ही ना रहे तो जिंदगी क्या होगी। गांव मानकसर की तीन मासूम बहनों को जिंदगी ने ऐेसे ही भंवर में उलझा दिया है। इन तीनों बहनों में एक बहन मंदबुद्धि व विकलांग है। करीब दो साल पहले पिता का साया सिर से उठ गया। बिन बाप की बेटियों को अपने आंचल तले समेटकर मां संभाल रही थी। बच्चियों की बदनसीबी देखिए कि करीब एक साल पहले मां का साथ भी छूट गया। और तो और उनके जीवन-यापन के लिए उनकी नानी की जो जमीन इन तीनों बहनों की रोजी रोटी का सहारा थी अब उस जमीन पर भी गांव के कुछ असामाजिक तत्व कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। तीनों बहनें अपने मामा इरशाद के पास रह रही हैं। बच्चों की नानी के नाम जो जमीन है उनमें बच्चों का भी हिस्सा है। गुरुवार को तीनों बहनें अपने मामा इरशाद के साथ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और एसपी को ज्ञापन सौंप संगरिया पुलिस थाना में दर्ज मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी करने व हिस्से की भूमि दिलवाने की मांग की। इरशाद पुत्र नूर मोहम्मद निवासी मानकसर ने बताया कि उसके भानजा-भानजी के माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसकी व उसके भानजा-भानजी की कृषि भूमि चक 20 एमकेएस में है। दीपसिंह, भजनसिंह, सुखदेव सिंह, जगदीश, आत्मासिंह वगैरा नाजायज रूप से इस कृषि भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। इस पर उसने संगरिया पुलिस थाना में दीपसिंह वगैरा के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। आरोपियों की ओर से संगरिया पुलिस थाना में गलत तथ्य पेश किए गए कि उनका इस कृषि भूमि में हक बनता है। उनकी ओर से स्वयं के हिस्सा की भूमि विक्रय कर दी गई है। इरशाद के अनुसार वह अपने व अपने भानजा-भानजी के हिस्सा पर काबिज होकर काश्त कर रहा है। पानी की बारी भी उसकी ओर से लगाई गई है परन्तु आरोपी उनके हिस्सा की भूमि को हड़प करना चाहते हैं। इसके लिए उस पर व उसके परिवार पर दबाव बना रहे हैं। मंगा उर्फ मनदीप पुत्र जस्सू की ओर से आरोपियों को हथियार लाकर देता है। उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसके अलावा उसकी अन्य चक की भूमि में उसका हिस्सा बनता है। उसमें भी आरोपी पानी की बारी नहीं लगाने देते। आरोपियों ने बदमाश किस्म के व्यक्तियों को भूमि हड़पने के लिए पंजाब से बुलाया हुआ है। इरशाद ने मांग की कि सही तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जांच करते हुए उसे व उसके भानजा-भानजी को हक हिस्सा की भूमि को दिलवाया जाए। साथ ही संगरिया पुलिस थाना में दर्ज मामले की जांच सही तथ्यों के आधार पर करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सीओ को दिए कार्रवाई करने के निर्देश उधर, एसपी से मिलने पहुंचे इरशाद व मासूम बच्चों से बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने मुलाकात कर उनकी पीड़ा जानी। इस संबंध में कार्रवाई के लिए दूरभाष पर संगरिया सीओ को निर्देशित किया। इस दौरान बाल कल्याण समिति सदस्य विजय सिंह चौहान व प्रेमचन्द शर्मा भी मौजूद थे।