बीकानेर. संभाग में बदहाल ८३० किलोमीटर लम्बी सड़कों के निर्माण के लिए तीन साल पहले जारी स्वीकृति पर आज तक कोई काम नहीं हुआ। भाजपा सरकार के समय बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और चूरू जिले की खस्ताहाल सड़कों का सार्वजनिक निर्माण विभाग से सर्वे कर यह स्वीकृति जारी की गई थी। परन्तु तीन साल से सड़कों के निर्माण की फाइल विभाग में पड़ी धूल फांक रही है।
सड़कों के निर्माण कार्य शुरू नहीं कराने के पीछे भले ही कोरोना के चलते बजट की कमी जैसे तर्क गढ़े जा रहे हो। परन्तु हकीकत में यह एक पार्टी से दूसरी पार्टी की सरकार बनने के बाद पुरानी स्वीकृतियों को ठंडे बस्ते में डालने की परम्परा को ही आगे बढ़ाने का मामला है। हालांकि सार्वजनिक निर्माण विभाग ने मौजूदा कांग्रेस सरकार से पुरानी स्वीकृति पर मुहर लगवाकर काम शुरू कराने के लिए फाइल को राज्य सरकार के पास भेज दिया है।
८३० किलोमीटर सड़कों का प्लान
संभाग में सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से किए सर्वे के मुताबिक ८३० किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण करना है। अगर सरकार से यह फाइल स्वीकृत हो जाती है तो इन कामों को तत्काल शुरू किया जा सकेगा।
२२ हजार ७३१ लाख का बजट
संभाग में ८३० किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण करने के लिए २२ हजार ७३१
लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया। अब राज्य सरकार से फाइल को स्वीकृति मिलने का इंतजार है।
फाइल पास भेजी
पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के दौरान सड़कों की दशा सुधारने के लिए स्वीकृत की फाइल को वापस सरकार के पास भेजा गया लेकिन कोरोना के चलते देरी हुई है। स्वीकृति मिलते ही सड़कों का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- सुनील कुमार माथुर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, सानिवि, बीकानेर
२२६ तरह के काम शामिल
तीन साल पुरानी इन स्वीकृतियों को अब हरी झंडी मिलती है तो बीकानेर संभाग में सड़कों का नवीनीकरण, सुदृढ़ीकरण तथा अन्य कई कार्य हो सकेंगे। चारों जिलों में करीब २२६ तरह के काम की स्वीकृति जारी की हुई है। अभी तक फाइल आगे नहीं बढऩे से एक भी काम शुरू नहीं किया गया है।