अलवर
अलवर के हमीरपुर के पास की ढाणी से शौच करने के लिए निकली 20 साल की युवती गुरुवार दोपहर अलवर शहर में केंद्रीय बस स्टैण्ड पर मिल गई। 14 सितंबर की सुबह से वह लापता थी। उसकी छोटी बहन ने बताया था कि उसके सामने तेंदुआ युवती को उठा ले गया था। इसकी जानकारी मिलते ही वनकर्मी, पुलिस व ग्रामीण सक्रिय हो गए थे। करीब 3 किमी जंगल को छान मारा था। ड्रोन व डॉग स्क्वॉड से भी युवती की जंगल में तलाश की गई। फिर भी सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद से ही पुलिस दूसरे पहलुओं पर जांच में जुट गई थी। फिलहाल युवती से पूछताछ के बाद ही रहस्य से पर्दा हटेगा कि आखिर युवती को ले कौन गया था।

जंगल में तलाश करती पुलिस व ग्रामीण। घटना के दिन।
दोपहर में बस स्टैण्ड पर खड़ी मिली
गुरुवार दोपहर को अलवर के बस स्टैण्ड पर युवती खड़ी मिली। पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने हरसौरा थाने को सूचना दी। इसके बाद युवती को सीधे हरसौरा थाने भिजवा दिया गया।
अब पुलिस खुलासा करेगी
हरसोरा थानाधिकारी ने बताया कि युवती को थाने लाया जा रहा है। यहां तसल्ली से पूछताछ होगी। उसके बाद ही खुलासा हो सकेगा कि युवती अचानक कैसे गायब हो गई थी।