Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

थानों में लगे झूले, महिलाओं ने मनाई तीज

बीकानेर. अपराधियों को लॉक अप में बंद करने, उनको पेशी के लिए कोर्ट ले जाने और एफआईआर लिखने सहित पुलिस कार्यो की गहमागहमी आमतौर पर पुलिस थानों में दिखाई देती है। थानाधिकारी से कांस्टेबल तक अपनी ड्यूटी में मशगूल रहते है। इसके विपरित बुधवार को शहर के पुलिस थाना बीछवाल और पुलिस थाना जयनारायण व्यास कॉलोनी का नजारा कुछ अलग ही नजर आया। थानों में झूले पर झूलती महिलाएं, प्रतियोगिताओं के आयोजन, आत्मरक्षा का प्रशिक्षण सहित कई गतिविधियां चलती रही। अवसर था बीकानेर पुलिस की ओर से पहली बार हरियाली तीज पर किए गए नवाचार का। पुलिस अधीक्षक प्रीतिचन्द्रा की मौजूदगी में महिलाएं और स्कूली बालिकाओं और महिला कांस्टेबल ने हरियाली तीज पर्व मनाया। स्वयं पुलिस अधीक्षक प्रीतिचन्द्रा बालिकाओं को थाने के एक-एक कक्ष में लेे जाकर पुलिस थानों की कार्यप्रणाली की जानकारी देती नजर आई।

हरियाली तीज पर पुलिस थानों में विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन हुए। महिलाओं को महिला सुरक्षा के बारेे में जागरूक किया गया। महिला सुरक्षा पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें बालिकाओं ने भाग लिया। बीछवाल थाने में पुलिस अधीक्षक ने बालिकाओं को थानों की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि अन्य विभागों में होने वाले दैनिक कार्यो की तरह ही पुलिस थानों में नियमित रूप से सरकारी कार्य होता है।

महिला सशक्तिकरण के संबंध में जानकारी दी

जेएनवीसी थाना में थानाधिकारी अरविन्द भारद्वाज व श्रीमती सुषमा उपनिरीक्षक, रोहिताश एचसी ने बालिकाओं, महिलाओं, बच्चों को थाना का भ्रमण करवाकर पुलिस कार्य प्रणाली से अवगत करवाया। यहां हरियाली तीज के उपलक्ष्य में महिलाओं के लिए झूले, गोल घूमने वाले झूले, बच्चों के लिए डांसिंग झूले लगाए गए। बच्चियों को महिला सशक्तिकरण के संबंध में जानकारी दी गई। हरियाली तीज आयोजन पर अर्चना सक्सेना स्टेट प्रेजिडेंट वुमेन पावर सोसायटी, सुनीता तनेजा, सुमन व 30 बालिकाओं, सुरभि गुप्ता, जेएनवीसी की महिलाओं व बच्चों व फैमिली क्वाटर्स की महिलाओं व बच्चों ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *