नगर परिषद में खड़े वाहनों को लग रहा जंग,डम्पिंग पॉइन्ट पर जगह खत्म श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। स्वच्छता सर्वेक्षण में लाखों रुपए का बजट खपाने के बाद भी नगरपरिषद परिषद आज तक घरों/संस्थानों से निकलने वाले गीले और सुखे कचरे को अलग नहीं कर पाई। नतीजा 6 जैड स्थित डम्पिंग पॉइन्ट मिश्रित कचरे के कारण कई फीट ऊंचा पहाड़ खड़ा हो गया है। इसके चलते यहां अब इतनी जगह नहीं बची कि आने वाले एक दो साल तक यहां शहर का कचरा डाला जा सके। ऐसे में आने वाले दिनों शहर में कचरा निस्तारण को लेकर हालत विकट हो सकते हैं। वर्ष 2019 में मुख्य सचिव ने मंगलवार को जिले में ठोस कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक पर प्रतिबंध, बॉयोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण करने तथा पर्यावरण की रक्षा के लिए विडिया कॉफ्रंसिंग कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान स्थानीय निकाय विभाग बीकानेर के उप निदेशक कन्हैयालाल सोनगरा ने भी संभाग के सभी आयुक्त, अधिशासी अधिकारियों से इस संबंध में रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा था। जिसके बाद तत्कालीन आयुक्त प्रियंका बुडानिया, एक्सईएन महेश गोयल, एईएन सौरभ गुप्ता, जेईएन सिद्धार्थ जांदू सहित अन्य अधिकारियों ने कचरे को अलग-अलग करने के लिए प्रस्तावित मैटेरियल रिकवरी फैसेलिटी(एमआरएफ सेन्टर) का मौका निरीक्षण किया। साथ ही इसके लिए प्लेट फार्म, शैड आदि की व्यवस्था करने के साथ गीले और सुखे कचरे को अलग करने की प्लानिंग भी कि परन्तु आज तक यह धरातल पर नहीं उतर पाई।