सादुलशहर. केंद्र सरकार द्वारा दालों पर स्टॉक सीमा लगाने के विरोध में राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के आह्वान पर सादुलशहर धान मंडी के व्यापारियों ने दूसरे दिन बुधवार को भी कारोबार पूर्णतया बंद रखा। जिंसों की नीलामी नहीं हुई। चेकों का लेन-देन तक बंद रखा गया। व्यापारियों ने रोषस्वरूप कृषि उपज मंडी समिति के सचिव रामप्रताप कलवासिया के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन भेजे। ज्ञापन में स्टॉक सीमा तुरंत खत्म कर व्यापारियों, किसानों एवं मजदूरों को राहत पहुंचाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र खीचड़, जिला खाद्य व्यापार संघ के संरक्षक रतनलाल गोयल, मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र मक्कड़, प्रवेश गोयल, सचिव सुरेंद्र अग्रवाल, व्यापारी रोहित खीचड़, इंद्राज बेनीवाल, इंद्रचंद स्वामी आदि शामिल थे।
वहीं किसान नेता ओम बिश्नोई एवं पूर्व प्रधान जसवंत सिंह ढिल्लों, पूर्व सरपंच हरभजन सिंह कड़वासरा ने केंद्र सरकार से चने पर लगाई गई स्टॉक सीमा तुरंत हटाने और डीजल-पेट्रोल एवं रसोई गैस के बेतहासा बढ़ते भावों पर अंकुश लगाने की मांग की है। बिश्नोई ने कहा कि सरकार तुरंत स्टॉक सीमा को खत्म करे, ताकि किसानों को पूरा भाव मिले और व्यापारियों को राहत मिल सक ती है।