Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दिल्ली में रात 8 बजे बाजार बंद करने की पाबंदी खत्म, सोमवार से लागू होगी नई व्यवस्था; कोरोना केस घटने पर सरकार का फैसला

नई दिल्ली

दिल्ली में कोरोना के चलते लगाई गई पाबंदियों में लगातार ढील दी जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को ऐलान किया कि अब दिल्ली में बाजार सामान्य समय तक खुल सकेंगे। अनलॉक के बाद से अभी तक दिल्ली के बाजारों को शाम 8 बजे तक खुलने की इजाजत थी। केजरीवाल ने कहा कि कोरोना के मामले कम होने की वजह से यह फैसला लिया गया है।

आज की अन्य अहम खबरें…

गन्ने की बकाया राशि न मिलने पर पंजाब में किसानों ने रेलवे ट्रैक जाम किया
पंजाब के जालंधर में गन्ना किसानों ने हाईवे, रेलवे ट्रैक ब्लॉक कर दिया है। फिरोजपुर रेलवे डिविजन ने प्रदर्शन को देखते हुए 19 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। किसानों की मांग है कि राज्य सरकार गन्ने की बकाया राशि का पेमेंट करे। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने आज शाम तक हमसे बातचीत नहीं की, तो हम पंजाब बंद बुलाएंगे। हालांकि, रक्षाबंधन को देखते हुए कल से बंद करने से बचेंगे।

बिहार के कटिहार में मुस्लिम परिवार मोहर्रम के जुलूस में फंसा
कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर के पास NH-31 पर मोहर्रम के जुलूस में शामिल लफंगों ने स्कॉर्पियो सवार मुस्लिम परिवार पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। साथ ही गाड़ी में सवार लोगों से नकद और मोबाइल भी लूट लिया। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार मां-बेटा पूर्णिया से लौट रहे थे। भीड़ इतनी उग्र थी कि डर के मारे वह गाड़ी में ही बैठे रहे, किसी तरह जान बच जाने की प्रार्थना करते रहे।

CM उद्धव ने बच्चों के लिए कोरोना अस्पताल का उद्घाटन किया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई के कलिना कैंपस में IT पार्क में बच्चों के लिए कोरोना अस्पताल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं सभी राजनीतिक दलों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से अपील करता हूं कि वे ऐसा कुछ भी न करें, जिससे लोगों का जीवन खतरे में पड़े। कोरोना संकट अभी खत्म नहीं हुआ है।

भोपाल में EOW मुख्यालय में लगी आग
भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित EOW मुख्यालय में शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे आग लग गई। आग EOW थाना प्रभारी के कमरे में लगी थी। आग से कम्यूटर, AC, RTI से जुड़े दस्तावेज समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची दमकलों ने आग पर काबू पाया। माना जा रहा है कि बिजली के तार में शार्ट सर्किट होने से आग लगी थी।

त्रिपुरा कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष पीयूष कांति बिस्वास का पद से इस्तीफा
त्रिपुरा कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष पीयूष कांति बिस्वास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए पद से इस्तीफा देना बहुत दर्दनाक है। मैं सोनिया गांधी का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे पार्टी की सेवा करने का मौका दिया। मैं राजनीति से सेवानिवृत्त हो रहा हूं और मुझे अपने पेशे में वापस जाने की खुशी है।

अजित पवार को नजर आया कचरा, उठाकर जेब में रख लिया
महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार अपनी साफ-सफाई के लिए सुर्खियों में रहे हैं। ताजा मामला सामने आया है पुणे से, यहां शुक्रवार को वे अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन और मास्टरकार्ड द्वारा स्थापित एक पोर्टेबल कोविड केयर सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। सेंटर के बाहर जहां उनकी कार रुकी, वहां कुछ कचरा पड़ा हुआ था। कार से उतरते ही पवार की नजर उस पर पड़ी उन्होंने सेंटर में प्रवेश से पहले वहां पड़ा कचरा उठाया और अपनी जेब में रख लिया।

हिमाचल प्रदेश के सोलन में बस हादसे में 32 लोग घायल
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बरोटीवाला में शनिवार को सड़क हादसा हुआ। यहां एक बस के पहाड़ी से लुढ़क जाने से 32 लोग घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गुजरात के कच्छ में 4.1 तीव्रता का भूकंप
गुजरात के कच्छ में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.1 रही। इंस्टिट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजी रिसर्च (ISR) ने बताया कि इसका एपिक सेंटर धौलावीरा के पास रहा। अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

सेबी ने अडाणी विल्मर के IPO पर रोक लगाई
बिजनेसमैन गौतम अडाणी की अगुआई वाले अडाणी ग्रुप को मार्केट रेगुलेटर सेबी से बड़ा झटका लगा। सेबी ने अडाणी ग्रुप की कंपनी अडाणी विल्मर के IPO पर रोक लगा दी है। रोक लगाने की वजह अडाणी एंटरप्राइजेज के खिलाफ फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टमेंट (FPI) की जांच है। कंपनी IPO के जरिए 4,500 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में थी।

सेबी के नियम के मुताबिक IPO के लिए आवेदन करने वाली कंपनी की किसी डिपार्टमेंट में जांच चल रही हो तो उसके IPO को 90 दिन तक मंजूरी नहीं दी जा सकती है। इसके बाद भी IPO को 45 दिन के लिए टाला जा सकता है। जून 2021 में भी सेबी ने लो-कॉस्ट एयरलाइन गोफर्स्ट के IPO पर भी रोक लगा दी थी, क्योंकि उसके प्रमोटर के खिलाफ जांच चल रही थी।

UP की महिलाओं को रोजगार देने के लिए मिशन शक्ति 3.0 का आगाज
उत्तर प्रदेश की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए मिशन शक्ति 3.0 अभियान का आगाज हो गया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पहला राज्य है जहां गांवों में रहने वाली महिलाओं तक बैंक की सुविधा पहुंचाने के लिए महिला मित्रों का गठन किया गया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि UP में 75 जिले हैं। मैं मुख्यमंत्री जी के ऊर्जा को देखकर खुश होती हूं कि इतने बड़े प्रदेश में मुख्यमंत्री हर जिले में कम से कम 2 बार से ज्यादा दौरे करते हैं। ऐसे ऊर्जावान मुख्यमंत्री हों तो कोई भी प्रदेश स्पीड से आगे बढ़ जाता है। मुख्यमंत्री जी के ऊर्जा को देखते हुए कहा रही हूं कि उत्तर प्रदेश का फ्यूचर ब्राइट है… भविष्य उज्ज्वल है।

योगी कैबिनेट का विस्तार जल्द हो सकता है
उत्तर-प्रदेश में एक बार फिर कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज हो गई है। खबर है कि रक्षाबंधन के बाद योगी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। विस्तार में सहयोगी दलों को मौका देने के साथ ही जातिय समीकरण का फार्मूला भी लागू होगा। UP कैबिनेट में 5 से 6 नए चेहरे शामिल हो सकते है। हालांकि इस बार कैबिनेट बदलाव को लेकर कोई चर्चा नहीं है।

दिल्ली में हुई हाईकमान की बैठक में इस बात पर मुहर लगी है कि विधान परिषद में खाली MLC के 4 सीटों के भरने के साथ ही कैबिनेट का विस्तार भी किया जा सकता है। गुरुवार को दिल्ली में हुई गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और सुनील बंसल की बैठक में नामों को लेकर भी चर्चा हुई।

तालिबानी आतंकी नाम बदलकर 10 साल से नागपुर में रह रहा था
तालबानी आतंकियों के अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद एक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह तस्वीर नूर मोहम्मद उर्फ अब्दुल हक की बताई जा रही है। नूर को लेकर यह खुलासा हुआ है कि यह वही व्यक्ति है जिसे 23 जून 2021 को नागपुर से डिपोर्ट कर अफगानिस्तान भेजा गया था। उसकी उम्र 30 साल की है। नूर तकरीबन 10 साल तक नागपुर में रूप बदल कर रहा था। नूर के आतंकी बनने की जानकारी मिलने के बाद अब नागपुर पुलिस फिर सक्रिय हो गई है और उसके यहां रहने के दौरान मिलने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।

सुप्रीम कोर्ट के गेट के बाहर खुद को आग लगाने वाले व्यक्ति की मौत
सुप्रीम कोर्ट के गेट के बाहर बीते 16 अगस्त को खुद को आग लगाने वाले व्यक्ति की मौत हो गई है। इसने और एक महिला ने कोर्ट के गेट नंबर D के बाहर आत्मदाह किया था। महिला का इलाज अभी जारी है। घटना के तुरंत बाद उन्हें पुलिस वैन से राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल पहुंचाया गया। खुद को आग लगाने वाली महिला ने UP के घोसी से सांसद अतुल राय के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, पुरुष इस मामले का गवाह था। खुद को आग लगाने से पहले इन दोनों ने सोशल मीडिया पर लाइव किया था। इसमें महिला ने खुद को रेप पीड़िता बताया और कहा कि तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक न्याय नहीं मिला।

अवंतीपोरा में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में तीन आतंकियों को मार गिराया
जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में तीन आतंकियों को मार गिराया है। नागबेरन त्राल इलाके के जंगलों में हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के तीनों दहशतगर्द मारे गए। घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है। 

पाकिस्तान में ग्वादर एक्सप्रेसवे पर आत्मघाती हमले में 5 की मौत
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में ग्वादर एक्सप्रेसवे पर चीनी नागरिकों को ले जा रहे वाहन को निशाना बनाते हुए आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार शाम को हुई इस घटना में एक चीनी नागरिक समेत 30 लोग घायल हुए हैं।

दिलीप घोष ने TMC पर निशाना साधा
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शनिवार को सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब से हम चुनाव यात्रा में उतरे तब से भाजपा की रैलियों को रोका जा रहा है। पिछले 6-7 साल में हमारी पार्टी के 185 लोग शहीद हुए हैं, उनके परिवार के लिए कार्यक्रम रखा है। अगर इसमें राज्य सरकार बाधा डालती है तो इसे जन भावना के खिलाफ माना जाएगा।

मुंबई के पूर्व CP परमबीर सिंह के खिलाफ वसूली का एक और मामला दर्ज
मुंबई पुलिस ने मुंबई के पूर्व CP परमबीर सिंह के खिलाफ गोरेगांव थाने में शुक्रवार रात वसूली का एक और मामला दर्ज किया। सिंह के खिलाफ यह चौथा रंगदारी का मामला है। इसमें मुंबई के निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाजे भी आरोपी हैं।

अमृतसर से 40.810 किलोग्राम हेरोइन, 190 ग्राम अफीम बरामद
सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस ने अमृतसर के पंजग्रेयां इलाके से 40.810 किलोग्राम हेरोइन, 190 ग्राम अफीम, 2 प्लास्टिक पाइप बरामद किए हैं। इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है।

गोवा में रूस की दो महिलाएं किराए के कमरे में मृत पाई गईं
गोवा के उत्तर में स्थित सिओलिम गांव में रूस की दो महिलाएं किराए के कमरों में मृत पाई गई हैं। राज्य पुलिस ने बताया है कि ये दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं।

गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि अगले 5 दिनों के दौरान उत्तराखंड में भी भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 21 अगस्त को हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की आशंका है। हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिन तक अच्छी बारिश की संभावना है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी शनिवार को भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली के आजाद मार्केट अंडरपास पर 1.5 फीट की वाटर लॉगिंग
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट करके बताया है कि 1.5 फीट वाटर लॉगिंग की वजह से आजाद मार्केट अंडरपास बंद कर दिया गया है। मिंटो ब्रिज को भी बंद किया गया है और मूलचंद अंडरपास पर भी आवाजाही प्रभावित हुई है।

आज के बड़े इवेंट्स…

  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लखनऊ में उभरते सितारे फंड लॉन्च करेंगी। यह फंड छोटी और मझोली कंपनियों को दिया जाएगा।
  • एक एस्टेरॉयड पृथ्वी के पास से गुजरेगा। हालांकि इसके धरती से टकराने की आशंका नहीं है। यह सूर्य की तरफ बढ़ रहा है।
  • महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के करीबी संजीव पलांडे की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *