जाखड़ांवाली (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हनुमानगढ़ के मार्गदर्शन से तालुका विधिक सेवा समिति पीलीबंगा के तत्वाधान में पैरा लीगल वॉलिंटियर हरबंस लाल सहारण द्वारा गुरुवार को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए शारीरिक रूप से विकलांग 2 महिलाओं के विशेष योग्यजन प्रमाण पत्र व रोडवेज रियायती यात्रा पास की कागजी कार्रवाई पूर्ण कर प्रमाण पत्र जारी करवाकर महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए आॅनलाइन आवेदन किया गया। वहीं एक विशेष योग्यजन पुरुष का भी मेडिकल प्रमाण पत्र व रोडवेज रियायती यात्रा पास जारी करवाकर किराए में मिलने वाली छूट का लाभ दिलाया गया । पीएलवी हरबंस लाल सहारण ने बताया कि प्रिया पुत्री दयाराम जाखड़ वार्ड नंबर 4 पंडितावाली, कमला पत्नी दौलतराम वार्ड नंबर 7 लिखमीसर, हंसराज पुत्र किकरुराम वार्ड नंबर 11 देवनगर के विशेष योग्यजन मेडिकल प्रमाण पत्र व रोडवेज रियायती यात्रा पास जारी करवाकर राजस्थान रोडवेज की बस में यात्रा करने पर किराए में मिलने वाली छूट का लाभ दिलाया गया तथा विशेष योग्य जनों के लिए सरकार द्वारा चलाई जाने वाली जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए आॅनलाइन आवेदन किया गया । वही हरबंस लाल सहारण द्वारा सोमवार को भी 06 विशेष योग्यजनों के मेडिकल प्रमाण पत्र व रोडवेज रियायती यात्रा पास जारी करवाकर मिलने वाली छूट व सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए आॅनलाइन आवेदन किए गए। दिव्यांगों को राजकीय महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन व राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम कार्यालय हनुमानगढ़ जंक्शन तक लाने व ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था लिखमीसर सरपंच अंजू बाला भादू द्वारा की गई। विशेष योग्यजन के मेडिकल प्रमाण पत्र व रोडवेज रियायती यात्रा पास जारी करवाने में लिखमीसर सरपंच प्रतिनिधि सुभाष भादू व मनरेगा मेट ओमप्रकाश पूनिया तथा उपखंड कार्यालय पीलीबंगा के लिपिक रामलाल का सराहनीय योगदान रहा। विशेष योग्यजनों के मेडिकल प्रमाण पत्र प्रमुख चिकित्सा अधिकारी हनुमानगढ़ डॉक्टर दीपक मित्र सैनी के निर्देशन में मेडिकल टीम डॉ मनोज शर्मा व बृजेश गौड़ तथा संदीप सिहाग द्वारा जारी किए गए वहीं रोडवेज रियायती यात्रा पास राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम हनुमानगढ़ के मुख्य प्रबंधक दीपक भोभिया के निर्देशन में कार्यवाहक पास शाखा प्रभारी मनमोहन द्वारा जारी किए गए। विशेष योग्यजनों ने अपने मेडिकल प्रमाण पत्र व रोडवेज रियायती यात्रा पास प्राप्त कर पी एल वी हरबंस लाल सहारण द्वारा किए गए पुण्य कार्य की सराहना की।