Wednesday, May 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दो जनों की हत्या की थी योजना, पुलिस ने दबोचे

  • चार बदमाशों को किया गिरफ्तार, 4 अवैध हथियार व 57 कारतूस बरामद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अवैध हथियार व 57 कारतूस बरामद कर चार जनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पकड़े गए चारों बदमाशों में शामिल एक जना हरियाणा व चूरू क्षेत्र के दो जनों की हत्या करने की फिराक में था। टाउन पुलिस थाना में रविवार शाम को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने इस कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि संजय कुमार (25) उर्फ रिंकू पुत्र घड़सीराम श्योराण निवासी बड़ोपल पीएस फतेहाबाद सदर हरियाणा, सतीश कुमार उर्फ मोनू (22) पुत्र राजेन्द्र मेघवाल निवासी ढाणी चक 3 जेएसएल झांसल पीएस भिरानी, प्रदीप कुमार (22) पुत्र इन्द्रसिंह नायक निवासी वार्ड 9, ढाणी चक 3 जेएसएल झांसल पीएस भिरानी व विकास (27) पुत्र गंगासिंह नायक निवासी गांव उझाना, तहसील नरवाना जिला जींद पीएस गढी हरियाणा को हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया है। एसपी चौधरी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर की ओर से अवैध आग्नेयास्त्रों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत टाउन पुलिस थाना प्रभारी दिनेश सारण के नेतृत्व में गठित टीमों ने हैड कांस्टेबल पुरुषोत्तम पचार को मुखबिर के जरिए मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उक्त 4 युवकों को 4 अवैध हथियार व 57 कारतूसों सहित गिरफ्तार किया गया। इनमें संजय कुमार से 1 देसी पिस्टल 32 बोर व 30 कारतूस, सतीश कुमार से 1 देसी कट्टा 315 बोर व 10 कारतूस, प्रदीप कुमार से 1 देसी कट्टा व 10 कारतूस जबकि विकास कुमार से 1 देसी कट्टा 12 बोर व 7 कारतूस बरामद हुए। एसपी ने बताया कि इस कार्रवाई से टाउन पुलिस थाना में पिछले साल हत्या प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमा नं 761/2022 के अज्ञात आरोपियों का खुलासा हुआ है। रविवार को पकड़े गए चार आरोपियों में से तीन आरोपियों सतीश कुमार, विकास व प्रदीप कुमार उर्फ शूटर इस मुकदमे में मुस्तगीस पर फायरिंग करने के मुल्जिम हैं। वहीं संजय के खिलाफ पूर्व में फतेहाबाद पुलिस थाना में हत्या का मामला दर्ज है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि संजय कुमार जल्द ही सुभाष बिश्नोई निवासी बड़ोपल हरियाणा व सतीश जाट निवासी चुबकिया ताल पीएस सिद्धमुख चूरू की मौका मिलते ही हत्या करने की फिराक में था। इसलिए अपने पास पिस्टल व इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस लेकर घूम रहा था। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया तो पता चला कि सतीश कुमार के खिलाफ आर्म्स एक्ट में एक मुकदमा दर्ज है। संजय के खिलाफ कुल 5 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एक मुकदमा हत्या का, तीन लड़ाई-झगड़ा व एक अवैध शराब का है। प्रदीप उर्फ शूटर के खिलाफ लड़ाई-झगड़ा करने के आरोप में दो मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में हैड कांस्टेबल पुरुषोत्तम पचार, कांस्टेबल रोशन, कुलदीप व राजेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में एएसआई रतनलाल, हैड कांस्टेबल पुरुषोत्तम पचार, प्रतापसिंह, कांस्टेबल अमरसिंह, रोशन, योगेन्द्र, प्रदीपसिंह, कुलदीप, महंगासिंह, सुभाष, राजेश, रामनारायण व राकेश रमाणा शामिल थे।