Friday, May 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

‘द फैमिली मैन 2’ के एक्टर शरद केलकर ने बताया-बचपन में ‘हकलाने’ की वजह से बुली किया जाता था, बोले-इस डिसऑर्डर से छुटकारा पाने में मुझे दो साल लगे थे

पॉपुलर वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ के एक्टर शरद केलकर ने ‘हकलाने’ (स्टैमरिंग) से अपनी लड़ाई के बारे में बात की है। वे पहले भी इस बात का खुलासा कर चुके हैं कि वे बचपन में स्पीच डिसऑर्डर से पीड़ित थे। अब हाल ही में दिए एक इंडरव्यू में शरद ने बताया कि बचपन में उन्हें ‘हकलाने’ की वजह से बुली किया जाता था।

डिसऑर्डर की वजह से एक्टिंग के बारे में कभी नहीं सोचा था
शरद केलकर ने कहा, “आप जानते हैं, मैं ‘हकलाने’ से पीड़ित था। मुझे इसके लिए बचपन में धमकाया भी जाता था। लेकिन अब मुझे देखो, मैं एक ऐसे पेशे में हूं, जिसमें मुझे अपनी स्पीच स्किल्स का उपयोग ही करना होता है।” शरद ने एक बार खुलासा किया था कि अपने इस डिसऑर्डर की वजह से उन्होंने एक्टिंग के बारे में कभी सोचा नहीं था।

हकलाने से छुटकारा पाने में मुझे दो साल लगे थे
इससे पहले शरद केलकर ने 2020 में दिए एक इंटरव्यू में बताया था, “बहुत सारे रिजेक्शन थे। मैं हकलाता था, इसलिए एक्टिंग मेरे लिए बहुत दूर की बात थी। मैं बहुत हकलाता था, इसलिए रिजेक्शन होता था। लेकिन इसने मुझे मजबूत बनाया और मुझे गलत चीजों को ठीक करने की ताकत दी। हकलाना एक समस्या थी, इसलिए मैंने उससे छुटकारा पा लिया। हकलाने से छुटकारा पाने में मुझे दो साल लगे थे। मेरा मानना है कि रिजेक्शन अच्छे होते हैं। वे आपको अपने लक्ष्यों के लिए कड़ी मेहनत करने की ताकत देते हैं।”

बता दें कि ‘द फैमिली मैन 2’ को रिलीज हुए एक महीना हो गया है। निर्माता-निर्देशक राज निदिमोरु और कृष्णा डी.के. के इस शो में शरद के अलावा मनोज बाजपेयी, सामंथा अक्किनेनी, सीमा बिस्वास, सनी हिंदुजा, दर्शन कुमार, श्रेया धन्वंतरी, मिमे गुप्ता, प्रियमणि, शारिब हाशमी और एन अलगमपेरुमल भी अहम किरदार में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *