नगर परिषद के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कुएं में गिरकर श्रमिक की मौत
by seemasandesh
तीन श्रमिक गिरे, दो को सकुशल निकाला, तीसरे की मौत
हनुमानगढ़ में घग्घर नदी के पुल के पास स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में हादसा हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। शहर में नगर परिषद के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कुएं में सोमवार को तीन श्रमिक गिर गए। उनमें से एक की मौत हो गई। जबकि दो श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलने पर नगर परिषद के अधिकारी तथा टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा कई पार्षद भी घटना स्थल पहुंचे। कुएं में गिरे मजदूर के शव को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए गए। जानकारी के अनुसार घग्घर नदी के किनारे टाउन-जंक्शन रेलवे पुल के पास पांच एमएलडब्ल्यू स्थित नगर परिषद के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में सोमवार सुबह कई मजदूर कार्य कर रहे थे। तीन मजदूर प्लांट के कुएं में खराब मोटर उतारने के लिए उतरे। इस दौरान दम घुटने से तीन मजदूर नीचे गिर गए। आसपास के कर्मचारी एवं प्लांट के अन्य कर्मचारियों ने एक मजदूर को तत्काल हाथ से खींचकर बाहर निकाल लिया। मगर दो मजदूर कुएं में डूबने लगे। थोड़े प्रयास के बाद एक और मजदूर को बाहर निकाल लिया। उसे मामूली चोटें भी आई। मगर तीसरे मजदूर करण को नहीं निकाला जा सका। वह पानी में डूब गया। प्लांट के कर्मचारियों ने तत्काल नगर परिषद अधिकारियों एवं पुलिस को सूचना दी। नगर परिषद के एक्सईएन कुलदीप सिंह व सुभाष बंसल, निर्माण समिति के अध्यक्ष पार्षद सुमित रणवां, टाउन थाना के पुलिसकर्मी आदि मौके पर पहुंचे। घायल मजदूरर को जिला अस्पताल पहुंचाया। कुएं में डूबे मजदूर करण के शव को बाहर निकालने का कार्य शुरू कराया। शव को बाहर निकलवा जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर नगर परिषद के सफाई निरीक्षक जगदीश सिराव व हेमलता भी मौके पर पहुंचे। वहां घायल मजदूर को देखकर एवं एक मजदूर की मौत की खबर सुनकर उनकी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को तत्काल वहां से जिला अस्पताल रवाना किया गया। उधर, मौके पर पहुंचे नगर परिषद की निर्माण समिति के अध्यक्ष सुमित रणवां ने इस घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि मृतक मजदूर के परिवार को नगर परिषद की ओर से हरसंभव आर्थिक मदद की जाएगी। साथ ही कहा कि भविष्य में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध करवाने का प्रयास रहेगा ताकि इस तरह की घटना की पुनर्रावृत्ति न हो।