गंगानगर जिले को विशेष सौगात देने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया
श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। विधायक राजकुमार गौड़ व अन्य विधायकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। इस दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटसरा भी मौजूद रहे। इस दौरान विधायकों द्वारा बजट घोषणाओं के संबंध में चर्चा करते हुए अपनी बात रखी गई। विधायक गौड़ ने मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए बजट को ऐतिहासिक बताते हुए गंगानगर जिले को विशेष सौगातें देने पर आभार व्यक्त किया। गौड़ ने इस दौरान मुख्यमंत्री से लालगढ़ में हवाई पट्टी के संबंध में भी चर्चा करते हुए जल्द कार्रवाई का निवेदन किया।
गंगानगर विधायक राजकुमार गौड़ के प्रयासों से गंगानगर जिले को बड़ी सौगात मिली है। बजट घोषणा वर्ष 2022-23 में श्रीगंगानगर में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज में 2103 लाख रुपए और 44 पदों का प्रावधान किया गया है। उक्त घोषणा करने पर गौड़ ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार व्यक्त किया है। गौड़ ने बताया कि 3 मार्च को राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार नर्सिंग कॉलेज में प्राचार्य, उप प्राचार्य, प्रोफेसर, दो एसोसिएट प्रोफेसर, सात ईएक्स सहायक, एक सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष, एमटीएस के 10 और सुरक्षाकर्मियों के 10 पदों सहित 44 पद स्वीकृत किए गए हैं। बजट घोषणाओं में जिले को विशेष सौगात देने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए गौड़ ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विगत 3 वर्षों में प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए अनेकों कार्य किए जा रहे हैं। इन्हीं की बदौलत गंगानगर जिले में एग्रीकल्चर कॉलेज के बाद मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज बनेगा। एग्रीकल्चर कॉलेज में 120 सीटें निर्धारित की गई हैं जबकि इसी वर्ष से मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष की कक्षाएं आरंभ हो जाएंगी। नर्सिंग कॉलेज के लिए गत वर्ष घोषणा की गई थी जबकि इस वर्ष के बजट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा 60 सीटें और भवन निर्माण के लिए प्रावधान की घोषणा की गई है। एग्रीकल्चर, मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज को जिले के लिए ऐतिहासिक बताते हुए गौड़ ने कहा कि तीनों कॉलेजों का निर्माण पूर्ण होने के पश्चात गंगानगर एजुकेशनल हब बन जाएगा। जिले में 120 सीटों के साथ एग्रीकल्चर कॉलेज का संचालन जारी है तथा मेडिकल कॉलेज के पश्चात नर्सिंग कॉलेज भी शुरू होने से जिलावासियों को बहुत लाभ मिलेगा।