मुंबई
महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नवाब मलिक और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के बीच आरोपों की जंग जारी है। सोमवार को मंत्री मलिक ने समीर वानखेड़े पर नया आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया में कुछ जानकारी साझा करते हुए पूछा कि समीर दाऊद वानखेड़े क्या आपकी साली हर्षदा रेडकर ड्रग्स के धंधे से जुड़ी हैं? मलिक ने आगे कहा कि आपको इसका जवाब देना होगा, क्योंकि उनके खिलाफ पुणे की अदालत में मामला पेंडिंग है। मलिक के आरोप वानखेड़े ने जवाब देते हुए कोर्ट जाने की बात कही है। वानखेड़े ने ये भी कहा कि नवाब मलिक उनके परिवार को बदनाम कर रहे हैं।
सोमवार को वानखेड़े ने कहा, ‘गुड वर्क. डियर फ्रेंड। एक महिला का नाम सर्कुलेट करके। असल में, जब हम प्रेस रिलीज जारी करते हैं तो हम महिला की गरिमा की सुरक्षा के लिए उसका नाम साझा नहीं करते।’ उन्होंने कहा, ‘क्या किसी ऐसी महिला का खुलकर नाम लेना सही है, जिसके दो बच्चे और परिवार है।’ उन्होंने कहा कि वो मलिक के खिलाफ कोर्ट जाने के बारे में सोच रहे हैं।
नवाब मलिक के आरोपों पर वानखेड़े ने पहले ही सफाई देते हुए कह दिया था कि ये केस 2008 का है और वो उस वक्त एनसीबी में नहीं थे। जबकि, क्रांति रेडकर से उनकी शादी 2017 में हुई थी, इसलिए हर्षदा के मामले से उनका कोई संबंध नहीं है।