श्रीगंगानगर। विधायक राजकुमार गौड़ ने आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि नगर परिषद वर्षा से पूर्व शहर के नालों व पानी के गड्ढ़ों की सफाई करवाए ताकि वर्षा के पानी की निकासी की जा सके। नगर विकास न्यास भी अपने क्षेत्र में जल निकासी के कार्य को प्राथमिकता दे। वर्षा के दौरान किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हो, इसकी तैयारी की जाए। वर्षा में गड्ढ़ों का पता नहीं लगने से दुर्घटना हो जाती है। जिला कलक्टर जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में गौड़ ने आरयूआईडीपी से कहा, 453 करोड़ रु. की लागत से सीवरेज परियोजना के तहत जहां कार्य चल रहा है, उस क्षेत्र में शहर की प्रमुख सड़कों को प्राथमिकता के साथ तैयार किया जाए, जिससे आमजन को परेशानी न हो। भाटिया पेट्रोल पंप वाली सड़क, महत्त्वपूर्ण है, जिसका प्राथमिकता के साथ निर्माण किया जाए। जहां सीवरेज लाइन डाली जाती है, उस क्षेत्र में पेयजल, बिजली व टेलीफोन अधिकारियों से बात कर उनके नक्शे के अनुरूप कार्य किया जाए, जिससे लाइनें कम क्षतिग्रस्त होंगी। पेयजल पाइपलाइन टूटने से परेशानी होती है और पाइपों में गंदा पानी चला जाता है। पावनधाम रोड, सद्भावनानगर व भांभू कॉलोनी क्षेत्र में विकास कार्यों पर चर्चा की। गुरूनानक चैक पर लाईन मिलान के कार्य पर चर्चा हुई। शहर में सड़कों के लिए सरकार से 100 करोड़ से अधिक की राशि प्राप्त की है। वार्ड 4, 5 में वर्षा के पानी की समस्या व वार्ड 3, 4 में नाला जोड़ने के संबंध में निर्देश दिए।