गोशालाओं में भी डाला हरा चारा श्रीगंगानगर। निर्जला एकादशी पर्व पर शहर के विभिन्न स्थानों पर ठण्डे मीठे जल की छबीलें लगाकर राहगीरों को रोक रोककर इस भीषण गर्मी में ठण्डा मीठा जल पिलाया गया। कई स्थानों पर कुल्फी व आईसक्रीम का भी वितरण किया गया। महिला-पुरूषों ने व्रत रखे और मंदिरों व घरों में एकादशी की व्रत कथा श्रवण किया। मंदिरों, प्याऊ व कर्मकाण्डी ब्राह्मणों के घरों पर मटके, पंखी आदि भेंट किये। साथ ही शहर की गोशालाओं में सुबह से ही हरा चारा डालने वाले श्रद्धालु पहुंचने लगे। गायों को हरा चारा तरबूज, खरबूजे आदि डाला गया। पुरानी आबादी ताराचंद वाटिका के पास युवकों व दुकानदारों ने दूध की ठण्डाई की छबील लगाई। इसी तरह उदाराम चौक से आगे श्रीराम बारात घर के पास शरबत, ठण्डाई की छबील के साथ साथ छोले का प्रसाद भी आने जाने वाले राहगीरों को वितरित किया गया। सुखाड़िया सर्किल बस स्टॉप के पास तरबूज व फल वितरण किया गया। इसी मार्ग पर इलाहाबाद बैंक के पास, शनि मंदिर से पहले, इंद्रा चौक से बीरबल चौक के बीच, सेतिया कॉलोनी, ब्लॉक एरिया, पे्रमनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में राहगीरों को रोक रोक कर मीठा शरबत, जलजीरा, ठण्डाई आदि का वितरण हरेक आने जाने वाले राहगिर को रोक-रोककर पिलाया गया। इस कार्य में युवा वर्ग सहित बुजुर्ग महिला पुरूष व बच्चे तल्लीन देखे गये। इसके अलावा इस बार एकादशी दो दिनों में होने के चलते शुक्रवार व शनिवार दो दिनों तक शहर में यह पर्व श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया गया।