नेशनल हाइवे पर ट्रकों की जबरदस्त भिड़ंत:दो ड्राइवर सहित 3 की मौत
by seemasandesh
स्टेयरिंग में फंसे शव, केबिन के परखच्चे उड़े बांसवाड़ा। निंबाहेड़ा-दाहोद पर शनिवार तड़के दो ट्रकों के बीच जबरदस्त भिड़त में दो ड्राइवर सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं एक घायल को समय पर बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रकों की रफ्तार का अंदाजा इसी से होता है कि दुर्घटना में ट्रक के परखच्चे उड़ गए। पूरे-पूरे केबिन साफ हो गए। ड्राइवर घंटों तक स्टेयरिंग में फंसे रहे। एक ड्राइवर ने तो पुलिस की मदद के प्रयासों के बीच दम तोड़ दिया। वारदात के समय गुजरात पासिंग का ट्रक जिप्सम लेकर बांसवाड़ा से घाटोल की ओर जा रहा था। वहीं चित्तौड़गढ़ पासिंग का दूसरा ट्रक निंबाहेड़ा से सीमेंट के कट्टे लेकर बांसवाड़ा की ओर आ रहा था। तभी सेनावासा से थोड़ा आगे बांसवाड़ा की पुलिया के मोड़ पर दोनों ट्रकों में भिड़ंत हो गई। इस बीच कुछ घंटे तक यातायात जाम रहा। सूचना पर पुलिस ने हाथोंहाथ प्रयास कर जाम खुलवाया। वहीं एक घायल को समय पर निकालकर अस्पताल भिजवाया। मामला बांसवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र होकर गुजरते नेशनल हाइवे का है।