Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नोहर को जिला बनाने की मांग ने पकड़ा जोर

  • आम आदमी पार्टी ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान
  • नोहर (सीमा सन्देश न्यूज)। नोहर को जिला बनाने की मांग तेज होने लगी हैं। शनिवार को नोहर को जिला बनाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओ ने तहसील के गांव फेफाना हस्ताक्षर अभियान का आगाज किया। इस मौके पर पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर नोहर विधानसभा अध्यक्ष हंसराज बाना ने बताया कि लम्बे समय से नोहर को जिला बनाने की मांग की जा रही है और नोहर जिला बनाये जाने के मापदंडो पर भी खरा उतरता हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे जा चुके हैं। हंसराज बाना ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले की भादरा तहसील के अन्तिम छोर पर बसे गांव जो जिला चूरू एवं हरियाणा राज्य की सीमा से सटे हुए है उन गांवों के लोगों के लिये जिला मुख्यालय पर पहुंचकर अपने जरूरी काम निपटाकर वापस उसी दिन अपने घर आने में समय के साथ-साथ आर्थिक परेशानी उठानी पड़ती हैं। जिला मुख्यालय से इन गांवों की दूरी लगभग 160-180 किलोमीटर पड़ती है इन गांवों के नजदीक रेलवे लाइन की भी सुविधा नहीं है। साथ ही यातायात के अन्य साधनों की भी इन क्षेत्रों में कमी है। जिससे लोगों को जिला मुख्यालय पर आने जाने में अत्यधिक परेशानी होती है इसी तरह की समस्या से नोहर तहसील के सुदूर गांव जो हरियाणा की सीमा एव चूरू जिले की सीमा से सटे हुए है के ग्रामीणों को भी दो चार होना पड़ता है। पल्लू उपतहसील क्षेत्र के गांव जो बीकानेर जिले की सीमा, चूरू जिले की सीमा एवं सूरतगढ़ तहसील के टिब्बा क्षेत्र से सटे हुये है। जहां पर यातायात के साधन बहुत कम है। साथ ही इन क्षेत्रों में दूर-दूर तक रेलवे लाइन नहीं होने से यातायात का कोई सुलभ साधन नहीं है। साथ ही ग्रामीणों को इससे अत्यधिक आर्थिक नुकसान हो रहा है। इन क्षेत्रों में आय का एक मात्र जरिया कृषि है जो वर्षा पर आधारित है। इन क्षेत्रों के ग्रामीणों के इस गंभीर समस्या को देखते हुये नोहर भादरा एवं रावतसर तहसील के गांव के लिये नजदीक जिला मुख्यालय बनाया जाना अति आवश्यक है। जिसके लिये नोहर उपखण्ड मुख्यालय सर्वोतम हैं। नोहर इन क्षेत्रों का केन्द्र में स्थित होने के साथ-साथ कम दूरी पर स्थित हैं। इसके अलावा नोहर में अनेक सरकारी विभागों के कार्यालय स्थित हैं व अनेक मुख्य मार्ग यहां से गुजरते हैं। यदि नोहर को जिला बनाया जाता है तो इससे ग्रामीणों को आवागमन के लिये ज्यादा समय और ज्यादा धन खर्च नहीं करना पड़ेगा जो क्षेत्र के विकास के लिये सहायक होगा। हंसराज बाना ने बताया कि नोहर क्षेत्र की जनता से हस्ताक्षर करवाकर मुख्यमंत्री को उक्त जायज मांग से अवगत करवाया जाएगा। इस मौके पर आप जिला संयोजक सुरेंद्र बैनीवाल, दुनीराम लुणा, दलीप दास स्वामी, बृजलाल शर्मा, कुरड़ाराम, सुनील सोनी, मनदीप सिंह, सुभाष भार्गव, सौरभ सोनी, रतीराम, मदनलाल, सतपाल, लीलाधर, राजकुमार, गोपालराम आदि उपस्थित थे।