अमृतसर (पंजाब)
पंजाब के गुरदासपुर में आरडीएक्स मिलने के बाद अब अमृतसर के सीमांत गांव धनोए कलां में पांच किलो आरडीएक्स मिला है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह बरामद हुआ यह विस्फोटक पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान पंजाब को दहलाने के लिए इस्तेमाल किया जाना था। यह आरडीएक्स गांव की मुख्य सड़क के पास ही खेत में छुपा कर रखा गया था।
एसटीएफ के एआईजी रशपाल सिंह ने बताया कि हमें वाघा-अटारी सीमा के पास के एक गांव में ड्रग्स के बारे में जानकारी मिली थी, लेकिन जब हम वहां पहुंचे तो पाया कि यह करीब 5 किलो वजन का आईईडी है। हमने 1 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। यह पाकिस्तान से आया है, हम मामले की जांच कर रहे हैं।
विस्फोटक की बरामदगी के बाद स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने पूरे गांव में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। इसकी जानकारी मिलते ही एसएसपी राकेश कौशल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और भारत-पाक सीमा से कुछ ही दूरी पर स्थित यह गांव और आस-पास का पूरा इलाका पुलिस छावनी में तबदील हो गया। हथियार मिलने के बाद मौके पर एंटी बम स्कवायड को बुलाया गया है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।