Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पंजाब से श्रीगंगानगर के रास्ते राजस्थान में राजनैतिक जमीन की तलाश में आम आदमी पार्टी

26 सितंबर को श्रीगंगानगर में आप का किसान न्याय सम्मेलन
श्रीगंगानगर।
देश की राजधानी दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) अब पंजाब के रास्ते श्रीगंगानगर से होकर राजस्थान में राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटी है।वह पंजाब से सटे क्षेत्र में पार्टी अपनी पैठ जमाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए किसान आन्दोलन पार्टी को सबसे मुफीद मसला नजर आ रहा है।इसी कारण पार्टी तीन दिन बाद 26 सितंबर को श्रीगंगानगर में बड़ा किसान सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। सम्मेलन को पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह सम्बोधित करेंगे। पार्टी ने रणनीति के तहत किसान न्याय सभा के लिए इस क्षेत्र का चयन किया है। राजस्थान में पार्टी का आधारभूत ढांचा तैयार है और यहां करीब 26 जिलों में पार्टी की कार्यकारिणियां मौजूद हैं. पार्टी अब इसे और मजबूत करने की कवायद में जुटी है।दरअसल पंजाब में जल्दी ही चुनाव होने वाले हैं और आम आदमी पार्टी को वहां अच्छी स्थिति में माना जा रहा है। पंजाब में पार्टी की पैठ को वह उससे सटे राजस्थान के इलाकों में भी भुनाना चाहती है। वहीं किसान आन्दोलन का प्रभाव भी पंजाब से सटे इलाकों में ही ज्यादा है।लिहाजा पार्टी को वहां इसका भरपूर फायदा मिलने की उम्मीद है। पार्टी के प्रदेश सचिव देवेन्द्र शास्त्री का कहना है कि राजनीतिक दलों ने किसानों से जो वादे किए वो कभी पूरे नहीं किए और किसानों को आम आदमी पार्टी से इनके समाधान का विश्वास है।

जनता से जुड़े मुद्दे उठाएगी पार्टी

किसान न्याय सम्मेलन के लिए श्रीगंगानगर पहुंच चुके पार्टी के प्रदेश सचिव देवेन्द्र शास्त्री का कहना है कि राजस्थान में पार्टी का आधारभूत ढांचा तैयार है। पार्टी को दूसरे राज्यों में जैसा समर्थन मिल रहा है। उससे राजस्थान के कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। रणनीति के तहत पार्टी अब जनता से जुड़े प्रमुख मसलों को आन्दोलन का रूप देने में लगी है। खास तौर से बड़े वर्ग को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर पार्टी आगामी दिनों में बड़े आन्दोलन खड़े करने की तैयारी कर रही है।इनमें बिजली बिलों और स्कूल फीस का मुद्दा शामिल है. हालांकि देवेन्द्र शास्त्री का कहना है कि पार्टी केवल चुनावी नजरिए से ये सब नहीं कर रही है बल्कि इन मुद्दों को उठाने के लिए ही पार्टी राजनीति में है।

पब्लिक पार्क में किसान सम्मेलन

शहर के हृदय स्थल गोल बाजार के पब्लिक पार्क में किसान न्याय सम्मेलन रखा गया है। यह संभाग स्तरीय सम्मेलन होगा। इसमें हनुमानगढ़ और बीकानेर से भी काफी लोग आएंगे वहीं संजयसिंह के आगमन को देखते हुए पंजाब से भी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे।पंजाब में 5-6 महीने बाद चुनाव हैं। लिहाजा आप पार्टी की टिकट के दावेदार भी यहां समर्थकों के साथ सम्मेलन में पहुंचेंगे, ऐसी उम्मीद की जा रही है। पार्टी के कई बड़े नेता कल और परसों श्रीगंगानगर पहुंच जाएंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक संजयसिंह दिल्ली से रविवार सुबह श्रीगंगानगर आएंगे।उनके साथ दिल्ली से राष्ट्रीय स्तर के नेता भी आ रहे हैं। प्रदेश सचिव देवेंद्र शास्त्री ने 3 दिन पूर्व श्रीगंगानगर में डेरा जमा दिया है। सम्मेलन की तमाम तैयारियां उनकी देखरेख में चल रही हैं। पार्टी की जिला इकाई के तमाम पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता लगातार कई दिनों से सम्मेलन की तैयारियों में लगे हुए हैं। जिलाध्यक्ष शंकर मेघवाल, शमशेरसिंह बराड़, संभाग प्रभारी डॉ प्रदीप बेनीवाल आदि पदाधिकारी जिले के तमाम तहसील मुख्यालयों पर कार्यकर्ताओं की बैठकें कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *