श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलो की अनेक वारदातें खुलीं
गिरोह को पकड़ने में हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने मारी बाजी
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में अनेक गोदामों से लाखों रुपए मूल्य के कृषि जिंस चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने हरियाणा के फतेहाबाद जिले के तीन शातिर चोरों को काबू करते हुए कृषि जिंसों की चोरियों की अनेक वारदातें खोली हैं। यह गिरोह लगभग 3 महीनों से दोनों जिलों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। गिरोह को पकड़ने में हनुमानगढ़ जिला पुलिस बाजी मार ले गई।
हनुमानगढ़ की पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रीति जैन ने बताया कि संगरिया थाना इलाके में रतनपुरा औद्योगिक क्षेत्र के गोदामों में हाल के दिनों में कृषि जिंसों की चोरी की तीन बड़ी वारदातें करने वाले इस गिरोह में शामिल गोविंद उर्फ गोविंदा धानक (21) पुत्र रोहिताश और दीपक उर्फ दीपू (20) पुत्र रणधीरसिंह धानक निवासी मातूराम कॉलोनी वार्ड नंबर 4, फतेहाबाद तथा मलकीत सिंह उर्फ मनजीत ओड राजपूत (23) पुत्र पप्पूराम निवासी शेरगढ़ ढाणी कॉलोनी,रतिया जिला फतेहाबाद (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया है। इस गिरोह में और भी कई शातिर चोर तथा बदमाश शामिल हैं,जिनकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरोह के पकड़े गए उक्त तीन शातिर चोरों ने संगरिया थाना क्षेत्र में तीन गोदामों से ग्वार, चना और सरसों चोरी करना स्वीकार किया है। तीनों चोरियों के मुकदमे थाने में दर्ज हैं। इसके अलावा हनुमानगढ़ जिले में नोहर, रावतसर और भादरा के गोदामों में भी चोरियां करना स्वीकार किया है। श्रीगंगानगर में सदर थाना और सूरतगढ़ शहर थाना क्षेत्र के गोदामों में पिछले दिनों हुई चोरी की वारदातें भी इसी गिरोह ने की है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार इस गिरोह में सुनील उर्फ काला, सुरजीत कुमार, मलकीतसिंह उर्फ मोमी तथा राहुल आदि भी शामिल हैं। गिरोह ने हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों के अलावा हरियाणा में भी कई चोरियां की हैं। इस गिरोह द्वारा की कई वारदातों में से 18 वारदातों की अभी तक पुष्टि हुई है अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है। वारदातों में यह गिरोह कैंटर, कार तथा मोटरसाइकिल आदि वाहनों का उपयोग करता रहा है।
संगरिया के पुलिस अधीक्षक विजय मीणा ने बताया कि इस गिरोह ने हरियाणा के फतेहाबाद, सिरसा, डबवाली, चौटाला में भी चोरी की वारदातें की हैं। संगरिया थाना क्षेत्र रतनपुरा के इंडस्ट्रियल एरिया के गोदामों में पिछले जुलाई और अगस्त महीनों में तीन वारदातें हुई थीं। संगरिया थाना क्षेत्र में रतनपुरा रीको एरिया में 15 जून को एक गोदाम से सरसों,फिर 21 जुलाई की रात को एक अन्य गोदाम से चने और फिर 2 से 5 अगस्त के बीच एक और गोदाम से लाखों का ग्वार चोरी हुआ था। गोदामों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध वाहनों में आते जाते संदिग्ध लोग दिखाई दिए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कुछ संदिग्ध मोबाइल फोन नंबर की कॉल डिटेल खंगालते हुए एएसआई देवेंद्र, हवलदार बलतेज, कैलाश, सिपाही अवनीश, विजय,आरिफ, हरीश, राजेंद्र,रामधन और युधिष्ठिर की गिरोह को पकड़वाने में अहम भूमिका रही। हनुमानगढ़ पुलिस के साइबर सेल के हवलदार रिछपालसिंह और सिपाही कर्मजीत सिंह का भी अहम योगदान रहा।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह दिन में रैकी करके सूनसान गोदामों को चिन्हित कर लेता था। रात को ताले तोड़कर कृषि जिंस चोरी कर ले जाता था। बीते 3 महीनों के दौरान श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में लगभग एक दर्जन गोदामों से लाखों का ग्वार, चना और सरसों चोरी कर यह गिरोह विभिन्न शहरों की अनाज मंडियों में ले जाकर बेच चुका है।संगरिया थाना प्रभारी ने बताया कि वारदातों में इस्तेमाल किए गए वाहनों तथा बेचे गए माल को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। तीनों शातिर चोरों का अदालत से रिमांड मिला है। गिरोह में शामिल उनके साथियों की धरपकड़ के भी प्रयास किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि श्रीगंगानगर जिले में सदर थाना और सूरतगढ़ शहर थाना के अलावा श्रीविजयनगर, अनूपगढ़, घडसाना और रावला थाना कई गोदामों में कृषि जिंसों की चोरियां हुई हैं। इनमें सदर थाना और सूरतगढ़ की वारदातें इस गिरोह के पकड़े जाने के साथ खुल गई है, लेकिन बाकी शहरों की वारदातें अभी भी अनसुलझी हैं। हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने इस गिरोह का खुलासा होने की जानकारी पंजाब और हरियाणा की पुलिस को भी दी गई है। गिरोह के बाकी सदस्यों के पकड़ में आने पर ऐसी कई और वारदातें खुलने की संभावना है।