Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पंजाब Vs हैदराबाद:रोमांचक मुकाबले में पंजाब ने SRH को 5 रन से हराया, प्ले-ऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बनी हैदराबाद

शारजाह

IPL-2021 फेज-2 में शनिवार को दिन का दूसरा मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया था, जिसे पंजाब ने अंतिम ओवर में 5 रन से जीतकर अपने नाम किया। मैच में SRH के सामने 126 रनों का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 120/7 का स्कोर ही बना सकी और मैच हार गई।

अंतिम गेंद तक पहुंचा मुकाबला
अंतिम ओवर में SRH को मैच जीतने के लिए 17 रनों की जरूरत थी। जेसन होल्डर ने ओवर की दूसरी ही गेंद पर छक्का लगाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। एक समय ऐसा भी लगने लगा था कि मैच का परिणाम शायद सुपर-ओवर में निकलेगा। हालांकि ऐसा नहीं हुआ। दरअसल, अंतिम गेंद पर SRH को सुपर-ओवर के लिए छक्का लगाना था, लेकिन होल्डर ऐसा करने में असफल रहे और पंजाब ने मुकाबला 5 रन से जीत लिया। मैच में मिली हार के साथ ही हैदराबाद मौजूदा सीजन में प्ले-ऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है।

शुरुआत में ही लड़खड़ाई हैदराबाद
टारगेट का पीछा करते हुए SRH की बहुत खराब शुरुआत देखने को मिली। पहले ही ओवर में अपना 150वां IPL मैच खेल रहे डेविड वार्नर (2) रन पर आउट हुए। कप्तान केन विलियमसन (1) भी विकेट पर खड़े रहने का साहस नहीं दिखा सके। पंजाब के लिए यह दोनों विकेट मोहम्मद शमी के खाते में आए। मनीष पांडे (13) भी कुछ कमाल नहीं दिखा सके और रवि बिश्नोई के खाते में उनकी विकेट आई।

बिश्नोई ने एक ओवर में चटकाए 2 विकेट
रवि बिश्नोई ने प्लेइंग इलेवन में शानदार वापसी की और अपने एक ही ओवर में 2 विकेट चटकाए। हैदराबाद की पारी के 13वें ओवर में बिश्नोई ने केदार जाधव (12) और अब्दुल समद (1) को आउट कर SRH की टीम की कमर तोड़कर रख दी। इन दो विकेट से पहले उन्होंने मनीष पांडे (13) को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया था।

ऋद्धिमान साहा ने काफी समय तक संघर्ष किया और 37 गेंदों पर (31) रन बनाकर रनआउट हुए। होल्डर ने हैदराबाद के लिए 29 गेंदों पर 47 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

पंजाब के बल्लेबाजों ने किया निराश
टॉस हारकर पहले खेलने उतरी पंजाब की शुरुआत खराब रही। 5वें ओवर में जेसन होल्डर ने केएल राहुल (21) और मयंक अग्रवाल (5) को आउट कर SRH को दो बड़ी सफलता दिलाई। क्रिस गेल से बड़ी पारी की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन उन्होंने भी निराश किया और (14) रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर आउट हुए। निकोलस पूरन (8) का बल्ला भी खामोश रहा और वह संदीप शर्मा की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौटे। एडेन मार्कराम ने 32 गेंद जरूर खेली, लेकिन सिर्फ 27 रन ही बना सके।

वायरल हुआ सुचित का कैच
​​​​​पंजाब की पारी के 16वें ओवर में सब्सिट्यूट फील्डर जगदीश सुचित ने एक ऐसा कैच पकड़ा जो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। सुचित ने होल्डर की गेंद पर कवर्स फील्डिंग करते हुए दीपक हुड्डा का कैच पकड़ा। PBKS ने 20 ओवर में 125/7 का स्कोर बनाया। SRH के लिए जेसन होल्डर 3 विकेट लेने में सफल रहे।

पंजाब का 200वां IPL मैच
पंजाब किंग्स आज अपना 200वां IPL मैच खेल रही है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली पंजाब IPL इतिहास की 5वीं टीम बनी। PBKS से पहले मुंबई इंडियंस (212), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (205), दिल्ली कैपिटल्स (204) और कोलकाता नाइट राइडर्स (201) के नाम आते हैं।

दोनों टीमें

पंजाब किंग्स- केएल राहुल (w/c), मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, एडेन मार्कराम, निकोलस पूरन, दीपक हुड्डा, रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, नाथन एलिस।

सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), केन विलियमसन (कप्तान), मनीष पांडे, जेसन होल्डर, अब्दुल समद, केदार जाधव, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, संदीप शर्मा, खलील अहमद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *