अबुधाबी
IPL फेज-2 में आज दिन का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के बीच खेला जा रहा है। मैच की शुरुआत KKR के टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के साथ हुई। तीसरे ओवर तक कोलकाता का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 26 रन है। टीमें राहुल त्रिपाठी और वेंकटेश अय्यर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
रन आउट हुए गिल
पहले ही ओवर में KKR की जोरदार शुरुआत देखने को मिली और शुभमन गिल ने दीपक चाहर को लगातार 2 चौके लगाए। ओवर की 5वीं गेंद पर CSK ने गिल के खिलाफ LBW की अपील की और अंपायर ने भी उन्हें आउट दिया, लेकिन गिल ने रिव्यू लिया और गेंद स्टंप की लाइन से मिस होने के चलते गिल को जीवनदान मिला। हालांकि अगली ही गेंद पर गिल रन आउट होकर पवेलियन लौट गए।

शुभमन गिल ने 5 गेंद पर 9 रन बनाए
कोलकाता की टीम में कोई बदलाव नहीं है, जबकि चेन्नई में ड्वेन ब्रावो की जगह सैम करन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।
आज बनेगी जीत की हैट्रिक
दोनों टीमों ने फेज-2 में लगातार दो मुकाबले जीते हैं। यानी इस मुकाबले में एक टीम की जीत की हैट्रिक बनना तय है। अगर बाजी चेन्नई के हाथ लगती है तो वह पॉइंट्स टेबल में फिर से नंबर-1 बन जाएगी। कोलकाता की टीम जीत हासिल करने पर 10 अंकों के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की बराबरी कर लेगी। चेन्नई ने कोलकाता के खिलाफ पिछली पांच भिड़ंत में से चार में जीत हासिल की है।
वेंकटेश अय्यर पर फिर होंगी नजरें
कोलकाता की टीम के लिए सीजन की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम को सात में सिर्फ दो मुकाबलों में जीत मिली थी, लेकिन UAE में IPL के पहुंचते ही कोलकाता जोरदार फॉर्म में आ गई और लगातार दो मुकाबलों में बेंगलुरु और मुंबई को हराकर प्ले ऑफ में पहुंचने की दावेदार बन गई है। इन दोनों मैचों में कोलकाता के युवा ओपनर वेंकटेश अय्यर ने काफी प्रभावित किया है। जिस निडर स्टाइल में वे बल्लेबाजी करते हैं उसे देखते हुए चेन्नई के गेंदबाजों को सावधान रहने की जरूरत होगी। वेंकटेश ने दो मैचों में 164.91 की स्ट्राइक रेट से 94 रन बनाए हैं।
वेंकटेश के अलावा शुभमन गिल ने बेंगलुरु के खिलाफ और राहुल त्रिपाठी ने मुंबई के खिलाफ जोरदार बल्लेबाजी की थी। अगर ये तीनों युवा बल्लेबाज फिर से छाप छोड़ने में सफल रहे तो कोलकाता की टीम जीत की हैट्रिक बना सकती है।
चेन्नई लय कायम रखने के इरादे से उतरेगी
चेन्नई की टीम अभी किसी भी डिपार्टमेंट में कमजोर नजर नहीं आ रही है। इस सीजन में टीम ने जैसा प्रदर्शन भारतीय मैदानों पर किया था वैसा ही UAE में भी कर रही है। इस मैच में जीत से चेन्नई के 16 अंक हो जाएंगे और उसका प्ले ऑफ में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा।
चेन्नई को आंद्रे रसेल से खतरा
वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल IPL के सबसे खतरनाक ऑलराउंडर्स में से एक हैं। उन्हें चेन्नई के खिलाफ बल्लेबाजी करना काफी पसंद भी है। रसेल ने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 46.7 की औसत से रन बनाए हैं। चेन्नई के खिलाफ उन्होंने पिछली 6 पारियों में से 4 में अर्धशतक जमाया है। भारत में हुए फेज-1 में उन्होने चेन्नई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 22 गेंदों पर 54 रनों की पारी खेली थी। चेन्नई के ज्यादातर गेंदबाजों के सामने रसेल का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने ड्वेन ब्रावो के खिलाफ 214, रवींद्र जडेजा के खिलाफ 186 और शार्दूल ठाकुर के खिलाफ 327 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
IPL में 4 हजार रन के करीब कार्तिक
कोलकाता के पूर्व कप्तान दिनेश कार्तिक इस मैच में अपने IPL करियर के 4 हजार रन पूरे कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें 54 रनों की जरूरत है। कार्तिक से पहले 10 बल्लेबाजों ने IPL में 4 हजार रन बनाए हैं। विराट कोहली 6134 रनों के साथ सबसे आगे हैं।
दोनों टीमें
KKR– शुभमन गिल, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी, इयोन मोर्गन (कप्तान), आंद्रे रसेल, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, लॉकी फर्ग्यूसन, वरुण चक्रवर्ती, प्रसिद्ध कृष्णा।
CSK– फाफ डु प्लेसिस, ऋतुराज गायकवाड़, मोइन अली, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, एमएस धोनी (w/c), रवींद्र जडेजा, सैम करन, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर, जोश हेजलवुड।