भाई की रिपोर्ट पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। के-ब्लॉक निवासी एक ज्वैलर महेंद्र सोनी(45) द्वारा नहर में कूदकर आत्महत्या कर लेने के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी,दो सालों, साढू और उसकी पत्नी के विरुद्ध आज मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र सोनी पुत्र मोमनराम निवासी जे-ब्लाक द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके भाई महेंद्र सोनी को आत्महत्या के लिए मजबूर कर देने के आरोप में उसकी पत्नी रेखा,दो सालों मनोज व नरेश, साढू कृष्णलाल और उसकी पत्नी विनीता के विरुद्ध धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।मामले की जांच कर रही सब इंस्पेक्टर ललिता राठौड़ ने बताया कि आज जिला अस्पताल के मुर्दाघर में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों को सौंप दी गई।सुरेंद्र सोनी ने दर्ज करवाए मुकदमे में बताया है कि पिछले काफी समय से रेखा, उसके भाई तथा बहन-बहनोई महेंद्र को परेशान कर रहे थे कि वह अपनी चल-अचल संपत्ति का आधा हिस्सा रेखा सोनी के नाम करें। इस बात को लेकर महेंद्र के परिवार में लगातार विवाद चल रहा था। इसी से तंग आकर महेंद्र ने आत्महत्या कर ली। स्थानीय जवाहर मार्केट में ज्वैलरी की दुकान करने वाला महेंद्र सोनी कल शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे अपनी ई-बाइक पर श्रीगंगानगर-अबोहर मार्ग पर गांव साधुवाली के नजदीक गंग कैनाल की मुख्य शाखा पर गया। साधुवाली से पहले पुल के साथ नहर की पटरी पर कालूवाला की तरफ लगभग 500 मीटर दूर जाकर वह नहर में कूद गया। पुलिस के मुताबिक पटरी के दूसरी तरफ प्रह्लाद नामक युवक ने उसे कूदते हुए देखा तो शोर मचाया। साधुवाली से लोग भाग कर आए। इस बीच सूचना पाकर भी पुलिस मौके पर पहुंची।नहर में कूदे शख्स का पता लगाने के लिए सिविल डिफेंस के गोताखोरों और साधुवाली के कुछ कुशल तैराक युवकों ने अथक प्रयास किए। लगभग 3 घंटे बाद कालूवाला हैड के नजदीक शव बरामद हो गया। मृतक के पहने हुए कपड़ों से पहचान महेंद्र के रूप में हुई। सब इंस्पेक्टर ललिता राठौड़ ने बताया कि दर्ज करवाए गए मुकदमे के आधार पर पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।