दिल्ली
टोक्यो ओलिंपिक के सूरमा नीरज चोपड़ा, रवि दहिया, बजरंग पूनिया, लवलिना बोरगोहेन और पुरुष हॉकी प्लेयर्स देश लौट चुके हैं। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत की जबरदस्त तैयारी की गई थी। ओलिंपिक के चैंपियंस का स्वागत बैंड-बाजे के साथ किया गया। एयरपोर्ट से ये सभी खिलाड़ी सीधे अशोका होटल जा रहे हैं। सभी एथलीट्स का काफिला होटल की ओर निकल चुका है।
फैन इंतजार करते रहे, खिलाड़ी VIP गेट से निकले
दिल्ली एयरपोर्ट पर ओलिंपिक स्टार्स का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद थे। मीडिया भी टकटकी लगाकर पदकवीरों का इंतजार कर रहा था। ढोल-नगाडों और भारत माता की जय के नारे लगाए जा रहे थे।
इसी बीच जब चैंपियन्स की फ्लाइट लैंड होने की खबर मिली, तो लोगों को अपना इंतजार पूरा होता नजर आया। हालांकि, सिक्योरिटी फोर्सेस ने सभी खिलाड़ियों को रेगुलर अराइवल की जगह VIP गेट से बाहर निकाला गया। इसके चलते, चैंपियन्स के फैन और मीडिया थोड़े मायूस भी नजर आए।