जयपुर
जयपुर के कोटपूतली में मंगलवार देर रात एक शार्प शूटर ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। शार्प शूटर रूपाचंद उर्फ सुक्खा गुर्जर शराब ठेकेदार की हत्या के मामले में फरार था। उसके साथ दो अन्य बदमाश भी थे। दरअसल, पुलिस सुक्खा शूटर को पकड़ने पहुंची थी। इस दौरान उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेर लिया तो पिस्टल से खुद के सिर में गोली मार ली। सुक्खा की मौके पर ही मौत हो गई। उसके शव को अस्पताल में रखवाया गया है।
कोटपूतली में बाजरे के खेत में सुक्खा शूटर ने खुद को गोली मार ली।
एएसपी रामकुमार कस्वां ने बताया कि रूपाचंद उर्फ सुक्खा गुर्जर (21) पुत्र सुरेश कुमार निवासी खेतड़ी झुंझुनूं की मौत हो गई है। सुक्खा खेतड़ी में शराब ठेकेदार की हत्या के मामले में 6 महीने से फरार चल रहा था। इस पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। सुक्खा के खिलाफ हत्या, लूट और मारपीट के चार मामले दर्ज थे। कोटपूतली थानाधिकारी दिलीप सिंह को रात करीब 11 बजे सुक्खा की लोकेशन मिली। पुलिस बाला का नांगल में पहुंची तो उसके साथ दो अन्य बदमाश भी थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे।