मुंबई
साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा- द राइज’ रिलीज के बाद से अब तक बॉक्स ऑफिस पर दमदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को दर्शकों से काफी अच्छा रिस्पांस मिला है। अब हाल ही में अल्लू अर्जुन ने बातचीत में ‘पुष्पा’ की सफलता और फिल्म से जुड़ी कई बातें शेयर की हैं। पेश है अल्लू अर्जुन से बातचीत के प्रमुख अंश –
‘पुष्पा- द रूल’ की शूटिंग कब से शुरू करेंगे?
‘पुष्पा-2’ की शूटिंग दो महीने में शुरू करेंगे। अभी थोड़ा रेस्ट लेना चाहता हूं। ‘पुष्पा-1’ से ‘पुष्पा-2’ के बीच 30-40 दिनों का ब्रेक ले रहा हूं। 30-40 दिन कहीं जाकर बिताना चाहता हूं।
‘पार्ट-1’ से ‘पार्ट-2’ में दर्शक ज्यादा की उम्मीद रखते हैं, वह ज्यादा क्या होगा?
हमें ‘पुष्पा-1’ से ज्यादा कुछ ‘पुष्पा-2’ में करना है, क्योंकि हमें इतना बड़ा मौका मिला है। इसलिए हमें जरूर अच्छा प्रोडक्ट बनाना है, इसके लिए हम और ज्यादा कोशिश कर रहे हैं। इस बार काफी कुछ रहेगा। पार्ट-2 में बहुत सारे चैलेंजेस हैं, बहुत मजा आएगा।
‘पुष्पा’ ब्लॉकबस्टर साबित हुई है, पर पहला पॉजिटिव फीडबैक किसका रहा?
मेरे म्यूजिक डायरेक्टर देवी श्री प्रसाद का, क्योंकि वे म्यूजिक कर रहे थे, तो हमारे पहले ऑडियंस भी वही थे। उन्हें यह फिल्म बहुत आई है। उसके बाद हमारे एडिटर का फीडबैक मिला। वे एडिट करते हुए परफॉर्मेंस देख रहे थे, तो उनको भी फिल्म बहुत पसंद आई। इन दोनों से सबसे पहले और सबसे अच्छा और पॉजिटिव फीडबैक मिला था।