भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। जेपी नड्डा 2 अप्रैल को सवाईमाधोपुर जिले में एसटी मोर्चे के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राजस्थान प्रभारी महासचिव अरुण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम मे पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की मौजूदगी पर संशय है। विधानसभा चुनाव 2023 से पहले भाजपा पूर्वी राजस्थान चुनावी तैयारियों का आगाज कर रही है। इसके पीछे बड़ी वजह यह है कि विधानसभा चुनाव में पूर्वी राजस्थान के 7 जिलों में भाजपा को 39 में से 4 सीटों पर ही जीत मिलीं थीं। राजस्थान में वापसी के लिए भाजपा के रणनीतिकारों का फोकस पूर्वी राजस्थान पर है। शीर्ष नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सवाई माधोपुर भेजकर कांग्रेस के परंपरागक वोट बैंक मीणा समुदाय को साधना चाहता है।
कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला को देंगे श्रद्धाजंलि
भाजपा से जुड़े सूत्रों के अनुसार जेपी नड्डा ट्रेन से सवाई माधोपुर आएंगे। रेलवे स्टेशन से उतरे ही जेपी नड्डा गुर्जर आंदोलन के अगुवा कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के स्टेशन के बाहर लगाए गए बैंसला के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हे श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वहा से विशिष्ट जन के सम्मेलन में शामिल होने के लिए रवाना हो जाएंगे। जेपी नड्डा के कार्यक्रम में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के शामिल होने पर संशय बना हुआ है। वसुंधरा के करीबी नेताओं का कहना है कि मैडम राजे कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगी।