Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पूर्व विधायक ने पालिकाध्यक्ष पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप:भाजपा पर भी कसा तंज, बोले-भाजपा में शामिल होते ही भ्रष्टाचारी हो जाता है पाक साफ

सूरतगढ़. सूरतगढ़ में नगर पालिका अध्यक्ष के कांग्रेस से भाजपा में जाने के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा ने हाल ही में कांग्रेस के चेयरमैन रहते अपने पर पूर्व विधायक के परिवारवाद को हावी बताया था। इस मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों का मंगलवार को पूर्व विधायक गंगाजल मील ने खंडन किया है। पूर्व विधायक ने पालिका अध्यक्ष कालवा की कार्यशैली को लेकर सूरतगढ़ के एक निजी होटल में सीवरेज, विकास कार्यों, पट्टे बनाने समेत अन्य मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए है।

भाजपा में शामिल होते ही भ्रष्टाचारी हो जाता है पाक साफ-मील

मील ने कहा कि इन गलत कामों में कांग्रेस ने जब उनका साथ नहीं दिया तो कालवा भाजपा में शामिल होकर अपनी छवि साफ करने का दावा करने में लगे हुए हैं। मील ने कहा कि सीवरेज घोटाले के जांच की मांग स्वयं मौजूदा भाजपा विधायक रामप्रताप कासनिया ने विधानसभा में की थी। जबकि अब उसी भ्रष्टाचार के आरोपी कालवा को उन्होंने गले लगा लिया। मील ने कहा कि भाजपा वो वाशिंग मशीन है जिसमें एक तरफ से भ्रष्टाचारी को शामिल करो, दूसरी ओर से पहले वह पाक साफ होकर निकलता है।

मील ने लगाए ये आरोप

उन्होंने चेयरमैन ओमप्रकाश कालवा पर नगरपालिका के नए भवन निर्माण में घोटाला, अरोड़वंश समाज के एक भवन के हिस्से का फर्जी पट्टा जारी करने, वार्ड नंबर 10 में फर्जी तरीके से भूखंड का पट्टा जारी कर रिश्तेदार के नाम रजिस्ट्री करवाने और मौजूदा विधायक रामप्रताप कासनिया के साथ 4 बीघा भूमि का सौदा करने, अतिक्रमणकारियों से सौदा करने, पद का दुरुपयोग कर भूखंड पर कब्जा करने, सफाई कर्मियों के एरियर भुगतान और प्रमोशन में भी कमीशन लेने समेत अनेक आरोप लगाए।

पद के दुरुपयोग का लगाया आरोप

इधर पीसीसी सदस्य हनुमान मील ने कहा कि कांग्रेस ने पालिका अध्यक्ष को शहर में विकास करने में सहयोग दिया जबकि उन्होंने इसका दुरुपयोग ही किया है। आरोप लगाया गया कि कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों के काम बिना लिए दिए नहीं किए। जिला परिषद सदस्य हेतराम मील ने कहा कि मील परिवार को बदनाम करने के प्रयास से कुछ भी नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि 10 बीघा भूमि और वार्ड नंबर 10 समेत अन्य में अपने चहेतों को करवाए गए अतिक्रमण तुड़वाए तो पालिका अध्यक्ष पार्टी और मील परिवार के ही खिलाफ हो गए। इस दौरान पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और इंजीनियर बनवारीलाल मेघवाल ने भी सीवरेज मामले को लेकर अपनी बात कही। प्रेस वार्ता में विधायक ने अपने पीछे कांग्रेसी पार्षदों और समर्थकों को बैठाकर एकजुट होने का भी संदेश दिया। वार्ता में पालिका उपाध्यक्ष सलीम मोहम्मद कुरेशी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष और पार्षद परसराम भाटिया, वरिष्ठ नेता राजाराम गोदारा, अमित कल्याणा समेत अनेक पार्षद मौजूद रहे।